CG News: छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में भाजपा विधायक पुरंदर मिश्रा से ठगी के मामले में पुलिस को अहम सफलता मिली है. रायपुर कमिश्नरेट पुलिस ने इस मामले में एक शातिर आरोपी को ओडिशा से गिरफ्तार किया है. आरोपी को ट्रांजिट रिमांड पर रायपुर लाया जा रहा है. मामले का खुलासा बुधवार को पुलिस प्रेस कॉन्फ्रेंस के जरिए करेगी.
नितिन नबीन का PA बताकर किया कॉल
बताया जा रहा है कि आरोपी ने फोन कॉल कर खुद को भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन का निजी सहायक बताया था. उसने कहा कि वह भुवनेश्वर जा रहा है और रास्ते में ड्राइवर से विवाद होने के कारण परेशानी में फंस गया है. इसी बहाने उसने डीजल भरवाने के लिए तत्काल पैसों की मांग की.
सोशल मीडिया से जीता भरोसा
आरोपी ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर कई भाजपा नेताओं के साथ तस्वीरें भी लगा रखी थीं, जिससे उसकी बात पर आसानी से भरोसा हो गया. पहले उसने 4500 रुपए मांगे, लेकिन स्थिति गंभीर बताने पर विधायक की ओर से जगन्नाथ मंदिर के सेवक नारायण मिश्रा ने उसके खाते में 10 हजार रुपए ट्रांसफर कर दिए.
दोबारा पैसों की मांग पर हुआ शक
कुछ समय बाद आरोपी ने फिर से पैसों की मांग की, जिसके बाद विधायक को संदेह हुआ. उन्होंने संबंधित नेता के कार्यालय में संपर्क कर जानकारी ली तो पता चला कि उस नाम का कोई व्यक्ति वहां कार्यरत ही नहीं है. इसके बाद खम्हारडीह थाने में अज्ञात आरोपी के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई गई.
तकनीकी जांच से आरोपी तक पहुंची पुलिस
शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने मोबाइल नंबर, बैंक खाते और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जांच शुरू की. जांच के दौरान आरोपी की लोकेशन ओडिशा में मिली, जिसके बाद पुलिस टीम ने वहां दबिश देकर उसे गिरफ्तार कर लिया. अब पुलिस यह जानने में जुटी है कि आरोपी ने इसी तरीके से और कितने लोगों को अपना शिकार बनाया है.
विधायक ने लोगों से की सतर्क रहने की अपील
घटना के बाद विधायक पुरंदर मिश्रा ने लोगों से सतर्क रहने की अपील की है. उन्होंने कहा कि किसी भी अनजान कॉल पर भरोसा करने से पहले संबंधित व्यक्ति से सीधे पुष्टि जरूर करनी चाहिए.
ये भी पढे़ं- CG News: ठगी का शिकार हुए विधायक पुरंदर मिश्रा, नीतिन नबीन का पीए बनकर मांगे पैसे, ऐसे हुए खुलासा
