जादू-टोने का शक, खौफनाक कत्ल और जलती लाश… छत्तीसगढ़ में अंधविश्वास के खेल का ऐसे हुआ पर्दाफाश
फाइल फोटो
छत्तीसगढ़ से अंधविश्वास की आड़ में मारपीट जैसी घटनाएं कई बार सामने आई है, लेकिन इस बार जादू-टोना करने के शक में एक व्यक्ति की कथित तौर पर ग्रामीणों ने पीट-पीटकर हत्या कर दी. जानकारी के मुताबिक कुछ लोगों ने पहले मृतक के परिवार और उसके साथ जमकर मारपीट की, बाद में युवक पर लगातार डंडे से तब तक वार करते रहे जब तक उसकी मौत नहीं हो गई.
सबूत मिटाने के लिए जला दी लाश
इतना ही नहीं, हत्यारों ने सबूत मिटाने के लिए लाश को चोरी-छिपे जला दिया. पुलिस ने इस पूरे मामले में 6 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर वारदात की जांच-पड़ताल शुरू कर दी है. यह पूरा मामला दंतेवाड़ा जिले के अरनपुर थाना क्षेत्र के ग्राम पोरोपरिया पटेलपारा का है. जानकारी के मुताबिक, ये घटना 1 सितंबर की है. ग्राम पोरोपरिया पटेलपारा निवासी जोगा मंडावी (53) पर गांव के कुछ लोगों को शक था कि वह जादू-टोना करता है.
जादू-टोने के शक ने खत्म कर दी जिंदगी
ग्रामीणों का आरोप था कि जोगा मंडावी के जादू-टोना करने की वजह से गांव के लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ता था. इसी को लेकर गांव में एक बैठक का आयोजन किया गया. इस बैठक के बाद कोसा मंडावी, नंदा मंडावी, नंदा कोवासी, आयता कवासी, भीमा और हिड़मा बारसे जोगा मंडावी के घर पहुंचे. कथित तौर पर वहां उन्होंने जोगा मंडावी के परिवार को बंधक बनाया और महिलाओं समेत बच्चों के साथ मारपीट करते हुए उन्हें डराया-धमकाया.
पीट-पीट कर उतारा मौत के घाट
बताया जा रहा है कि जब जोगा मंडावी ने परिवार के साथ मारपीट कर रहे लोगों का विरोध किया तो फिर आरोपियों ने उसके साथ भी मारपीट शुरू कर दी. आरोपियों ने इतनी बेरहमी से जोगा मंडावी को पीटा कि उसकी मौत हो गई. इसके बाद आरोपियों ने शव को ले जाकर जला दिया. मृतक के परिजनों ने अरनपुर थाने में शिकायत दर्ज कराई.
परिजनों की शिकायत के आधार पर पुलिस ने 6 लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर मामले के आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है. पुलिस ने मामले में बीएनएस की धारा 103(1), 190, 191, 332(1), 238, 127(2), 115(2), 351 और 296 के तहत प्रकरण दर्ज किया है.
ये भी पढ़ें:जेल में बंद कैदियों को सजा में मिलेगी एक महीने की छूट, जन्माष्टमी पर CM मोहन यादव का बड़ा ऐलान