CG News: बस्तर दशहरा की जोगी बिठाई रस्म संपन्न, 9 दिन निर्जल तपस्या करेंगे दौलत नाग

CG News: विश्वप्रसिद्ध बस्तर दशहरा की अनूठी परंपराओं में शामिल जोगी बिठाई की रस्म आज जगदलपुर के सिरहासार भवन में विधि-विधान के साथ संपन्न हुई.
Daulat Nag will observe a nine-day fast without water.

9 दिन निर्जल तपस्या करेंगे दौलत नाग

CG News: विश्वप्रसिद्ध बस्तर दशहरा की अनूठी परंपराओं में शामिल जोगी बिठाई की रस्म आज जगदलपुर के सिरहासार भवन में विधि-विधान के साथ संपन्न हुई. करीब 600 वर्षों से चली आ रही इस परंपरा के तहत इस साल आमाबाल निवासी दौलत कुमार नाग जोगी के रूप में अगले 9 दिनों तक निर्जल तपस्या करेंगे. मान्यता है कि जोगी की यह साधना बस्तर दशहरा को निर्विघ्न और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए की जाती है.

हालांकि, इस बार जोगी बिठाई की रस्म के साथ हल्बा समाज की जाति संबंधी मांग का मुद्दा भी सामने आया है. समाज का कहना है कि लंबे समय से आश्वासन मिलने के बावजूद उसकी मांग पूरी नहीं हुई है. यहां तक कि जोगी के रूप में तपस्या कर रहे दौलत कुमार नाग ने भी मांग पूरी नहीं होने पर अगले साल इस परंपरा में शामिल नहीं होने की बात कही है.

पुरानी मान्यता से जुड़ी है जोगी बिठाई की परंपरा

दरअसल, जोगी बिठाई की परंपरा एक पुरानी मान्यता से जुड़ी है. कहा जाता है कि वर्षों पहले दशहरा पर्व के दौरान हल्बा समाज का एक युवक महल के पास नौ दिनों तक निर्जल उपवास रखकर तपस्या करने बैठ गया था. जब तत्कालीन महाराज को इसकी जानकारी मिली, तो उन्होंने युवक से तपस्या करने का कारण पूछा. युवक ने बताया कि वह बस्तर दशहरा को शांतिपूर्ण और बिना किसी बाधा के संपन्न कराने की कामना से साधना कर रहा है.

इसके बाद महाराज ने सिरहासार भवन का निर्माण करवाया और इस परंपरा को आगे बढ़ाने में सहयोग दिया. तभी से हर साल जोगी बिठाई की रस्म निभाई जा रही है. इस साल दौलत कुमार नाग तीसरी बार जोगी के रूप में तपस्या करने बैठे हैं. उन्होंने मां दंतेश्वरी सहित देवी-देवताओं का आशीर्वाद लेकर अपनी साधना शुरू की. इस दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु और स्थानीय जनप्रतिनिधि सिरहासार भवन पहुंचे.

नौ दिनों तक निर्जल रहकर तपस्या करेंगे जोगी

डिप्टी कलेक्टर सी.पी. बघेल ने जोगी बिठाई को बस्तर दशहरा की एक महत्वपूर्ण रस्म बताते हुए कहा कि हर साल की तरह इस बार भी जोगी नौ दिनों तक निर्जल रहकर दशहरा पर्व के सफल आयोजन के लिए तपस्या करेंगे. उन्होंने कहा कि इस रस्म को लेकर लोगों में काफी उत्साह है और बड़ी संख्या में श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंच रहे हैं. वहीं, जगदलपुर के तहसीलदार राहुल गुप्ता ने बताया कि जोगी बिठाई की रस्म पूरी हो चुकी है और अगले नौ दिनों तक जोगी की साधना जारी रहेगी.

उन्होंने हल्बा समाज की जाति संबंधी मांग को लेकर कहा कि समाज की ओर से अपनी समस्या रखी गई है. इस संबंध में दस्तावेज भी दिखाए गए हैं और मामले को आगे शासन स्तर पर ले जाने का प्रयास किया जा रहा है.

मांग पूरी नहीं हुई तो अगले साल रस्म में शामिल नहीं होंगे दौलत नाग

इधर, जोगी बने दौलत कुमार नाग ने बताया कि वह तीसरी बार इस परंपरा में शामिल हुए हैं और अगले नौ दिनों तक बस्तर दशहरा के निर्विघ्न आयोजन की कामना के साथ तपस्या करेंगे. हालांकि, उन्होंने हल्बा समाज की जाति संबंधी मांग पूरी नहीं होने पर नाराजगी भी जताई. दौलत नाग का कहना है कि समाज को लंबे समय से आश्वासन दिया जा रहा है, लेकिन अब तक समस्या का समाधान नहीं हुआ है.

उन्होंने स्पष्ट कहा कि यदि मांग पूरी नहीं होती है, तो अगले साल वह जोगी बिठाई की रस्म में शामिल नहीं होंगे. बस्तर दशहरा की आस्था और परंपरा से जुड़ी जोगी बिठाई की यह रस्म जहां नौ दिनों की कठिन तपस्या के साथ शुरू हो गई है, वहीं हल्बा समाज की लंबित मांग ने इस बार एक बड़ा सवाल भी खड़ा कर दिया है. अब देखना होगा कि शासन स्तर पर समाज की मांग को लेकर क्या पहल की जाती है.

ये भी पढे़ं- 400 जवान…24 घंटे ड्यूटी, CCTV कैमरों के साथ बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात, नक्सलमुक्त बस्तर में पहला दशहरा

ज़रूर पढ़ें