बिलासपुर वाले ध्यान दीजिए, दिवाली की खरीदारी से पहले शहर के मुख्य बाजारों में वाहनों की नो एंट्री, वन-वे प्लान तैयार
बिलासपुर: दिवाली पर ट्रैफिक प्लान तैयार
Bilaspur Diwali Traffic Plan: दिवाली में अब कुछ दिन ही बचे हैं. त्योहार से जुड़ी खरीदारी के लिए लोग बाजारों में उमड़ रहे हैं. बिलासपुर के मुख्य बाजारों में भीड़ को नियंत्रित रखने के लिए प्रशासन ने प्लान बनाया है. मेन मार्केट में वाहनों के प्रवेश की नो एंट्री रखी गई है और इसके साथ ही वन-वे प्लान का रूट तैयार किया गया है.
ये रास्ते रहेंगे डायवर्ट
दीपावली की गतिविधि को ध्यान में रखते हुए जिला प्रशासन ने एक्शन प्लान बनाया है. ट्रैफिक को कंट्रोल करने के लिए वन-वे, डायवर्जन, नो-पार्किंग और नो-एंट्री की व्यवस्था लागू की गई है. ASP रामगोपाल करियारे ने बताया कि प्रमुख स्थानों का निरीक्षण किया और नई व्यवस्था तैयार करने के लिए कहा है.
सदर बाजार, गोल बाजार, हटरी चौक, शनिचरी बाजार और तेलीपारा रोड में दबाव बढ़ने पर गांधी चौक, ओल्ड बस स्टैंड, सिम्स और रामसेतु चौक से यातायात डायवर्ट किया जाएगा.
कहां-कहां होगी पार्किंग की व्यवस्था?
रूट्स डायवर्ट के साथ-साथ पार्किंग की व्यवस्था भी की गई है. गहने, कपड़े, बर्तन और दूसरे सामानों को खरीदने के लिए मार्केट पहुंचने वाले लोगों के लिए पार्किंग की अलग-अलग व्यवस्था की गई है. कोतवाली चौक मल्टीलेवल पार्किंग, लाल बहादुर शास्त्री स्कूल मैदान, हैप्पी स्ट्रीट, न्यू रिवर व्यू, बाजपेयी मैदान और लखीराम आडिटोरियम के बेसमेंट में पार्किंग का स्थान तय किया गया है.
पेट्रोलिंग वाहनों से होगी निगरानी
ट्रैफिक प्लान को इस तरह तैयार किया गया है कि एंबुलेंस और अन्य आवश्यक सेवाओं जैसे फायर ब्रिगेड़ आदि को किसी तरह की दिक्कतों को सामना ना करना पड़े. सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस जवानों को तैनात किया जाएगा. इसके साथ ही पुलिस की पेट्रोलिंग टीम लगातार निगरानी बनाए रखेगी. वहीं, ठेला, गुमटी और फेरी संचालकों को सामान बेचने वालों मुख्य बाजारों में सामान नहीं बेचने की हिदायत दी गई है क्योंकि इससे संकरे रास्तों में जाम लगने की संभावना रहेगी.
