बिलासपुर को मिलेगी ट्रैफिक जाम से निजात! 827 करोड़ की लागत से तैयार होगी 32 KM लंबी फोरलेन रिंग रोड
बिलासपुर: 827 करोड़ की लागत से बनेगी फोरलेन सड़क
Bilaspur Ring Road: बिलासपुर, छत्तीसगढ़ के बड़े शहरों में से एक है. यहां जनसंख्या का विस्तार तेजी से हो रहा है. जहां एक ओर शहरीकरण हो रहा है, वहीं वाहनों की संख्या में भी इजाफा भी हो रहा है. इस वजह से आए दिन ट्रैफिक जाम की स्थिति बनती है. जल्द ही इससे शहर को निजात मिलने वाली है. यातायात सुचारू रूप से हो सके और लोगों को राहत मिल सके इसके लिए फोरलेन रिंग रोड का निर्माण किया जाना प्रस्तावित है.
तोखन साहू ने नितिन गडकरी से की मुलाकात
केंद्रीय शहरी विकास राज्य मंत्री और बिलासपुर सांसद तोखन साहू ने बुधवार (30 जुलाई) को कैबिनेट मंत्री नितिन गडकरी से मुलाकात की. इस मुलाकात के दौरान तोखन साहू ने कैबिनेट मंत्री से बिलासपुर में बढ़ते यातायात दबाव एवं ट्रैफिक जाम की समस्या के स्थायी समाधान के लिए लगभग 827.20 करोड़ रुपये की लागत से प्रस्तावित इस परियोजना की स्वीकृति एवं निर्माण प्रक्रिया में तेजी लाने का आग्रह किया.
उन्होंने आगे कहा कि ट्रांसपोर्ट मिनिस्टर नितिन गडकरी ने प्रस्ताव पर सकारात्मक आश्वासन देते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई में तेजी लाने का भरोसा दिया. मुझे विश्वास है कि इस महत्वपूर्ण परियोजना के साकार होने से बिलासपुर के आधारभूत ढांचे को नई मजबूती मिलेगी और शहर के समग्र विकास को नई गति प्राप्त होगी.
रिंग रोड से यात्रा होगी सुगम
ये रिंग रोड NH-130, NH-130A और NH-49 को जोड़ते हुए शहर की यातायात व्यवस्था को अधिक सुगम बनाएगी. भारी वाहनों का दबाव कम करेगी तथा औद्योगिक, व्यावसायिक एवं आवासीय क्षेत्रों की बेहतर कनेक्टिविटी सुनिश्चित करेगी. इससे शहर के अंदर ट्रैफिक का दबाव कम होगा और यात्रा सुगम हो जाएगी.
ये भी पढ़ें: रिटायर्ड कर्मचारियों के लिए खुशखबरी! 32 महीने का बकाया पेंशन एरियर मिलेगा, छत्तीसगढ़ हाई कोर्ट का बड़ा फैसला
किन इलाकों को जोड़ेगी सड़क?
- रिंग रोड का निर्माण बोदरी (छत्तीसगढ़ हाई कोर्ट के पास) से सेंदरी तक किया जाएगा.
- इस रोड से एयरपोर्ट, कोरबा, कटघोरा और सीपत जैसे इलाके जुड़ेंगे.
- रिंग रोड की लंबाई 32 किमी होगी. इससे सिरगिट्टी और लालखदान जैसे औद्योगिक क्षेत्र तक पहुंच आसान हो जाएगी.