बिलासपुर में आधी रात घर में घुसकर मोबाइल की झपटमारी, फर्जी UPI बनाकर खाते से उड़ाए पैसे

Bilaspur Cyber And Theft Crime: बिलासपुर. सकरी थाना क्षेत्र में घर में घुसकर मोबाइल झपटमारी करने और उसके सिम का इस्तेमाल कर फर्जी UPI कोड बनाकर बैंक खाते से पैसे निकालने के मामले में पुलिस ने 48 घंटे के भीतर तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है.
Bilaspur Mobile Snatching Fake UPI Fraud

बिलासपुर. सकरी थाना क्षेत्र में घर में घुसकर मोबाइल झपटमारी करने और उसके सिम का इस्तेमाल कर फर्जी UPI कोड बनाकर बैंक खाते से पैसे निकालने के मामले में पुलिस ने 48 घंटे के भीतर तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है. आरोपियों ने पहले मोबाइल छीना और फिर उसमें लगे सिम को दूसरे मोबाइल में डालकर फर्जी तरीके से UPI तैयार किया तथा खाते से रकम ट्रांजेक्शन कर ली. पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से झपटमारी का मोबाइल, टूटा हुआ सिम और ट्रांजेक्शन की पूरी रकम बरामद कर ली है.

आधी रात घर में घुसकर दिया वारदात को अंजाम

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 25 नवंबर 2026 को प्रार्थिया ने थाना सकरी पहुंचकर रिपोर्ट दर्ज कराई कि रात करीब 12 बजे उसका देवर ऋतिक यादव अपने कमरे में लेटकर मोबाइल देख रहा था. इसी दौरान एक अज्ञात व्यक्ति घर के अंदर घुसा और उसका मोबाइल झपटकर फरार हो गया.

आरोपी मोबाइल में लगे नंबरको निकालकर दूसरे मोबाइल में इस्तेमाल करने लगे. इसके बाद फर्जी तरीके से UPI तैयार कर मोबाइल में संचालित बैंक खाते से रुपये ट्रांजेक्शन कर निकाल लिए गए. प्रार्थिया की शिकायत पर पुलिस ने अपराध क्रमांक 1090/2026 के तहत धारा 331(4), 304(2), 3(5) भारतीय न्याय संहिता एवं धारा 66(C) आईटी एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की.

परिचित ने ही दोस्तों के साथ मिलकर बनाई थी साजिश

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस उपमहानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बिलासपुर रजनेश सिंह ने आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी के निर्देश दिए. अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर) पंकज कुमार पटेल एवं नगर पुलिस अधीक्षक (सिविल लाइन) परमेश्वर तिलकवार के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी सकरी निरीक्षक संजय सिंदे के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई.

जांच के दौरान पुलिस को सुराग मिला कि गनियारी निवासी विक्की वर्मा का प्रार्थिया के घर आना-जाना था और उसे प्रार्थिया के खाते में 4 से 5 लाख रुपये होने की जानकारी भी थी. पुलिस ने संदेह के आधार पर विक्की वर्मा को बुलाकर पूछताछ की. शुरुआत में वह पुलिस को गुमराह करता रहा, लेकिन कड़ाई से पूछताछ करने पर उसने अपने दो साथियों के साथ मिलकर वारदात को अंजाम देना स्वीकार कर लिया.

आरोपी ने बताया कि उसने अपने साथी बलराम वर्मा और संदीप वर्मा के साथ मिलकर योजना बनाई थी. इसके बाद तीनों रात करीब 12 बजे प्रार्थिया के घर में घुसे और ऋतिक यादव का मोबाइल झपटकर ले गए. मोबाइल में लगे सिम को दूसरे मोबाइल में डालकर फर्जी UPI तैयार किया और खाते से रकम का ट्रांजेक्शन कर लिया.

तीन आरोपी गिरफ्तार, सामान और पूरी रकम बरामद

पुलिस ने मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है. इनमें बलराम वर्मा (23 वर्ष), विक्की वर्मा (34 वर्ष) और संदीप वर्मा (32 वर्ष), तीनों निवासी गनियारी, थाना कोटा, जिला बिलासपुर शामिल हैं.

आरोपियों की निशानदेही पर झपटमारी किया गया मोबाइल, टूटा हुआ सिम कार्ड और खाते से ट्रांजेक्शन की गई पूरी रकम बरामद कर जब्त की गई है. तीनों आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया.

इन पुलिसकर्मियों की रही सराहनीय भूमिका

इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक संजय सिंदे, प्रधान आरक्षक टीकाराम निषाद, सहायक उपनिरीक्षक सुरेंद्र तिवारी, प्रधान आरक्षक लक्ष्मीकांत कश्यप, आरक्षक पवन बंजारे, मनोज बघेल, रामचंद्र कश्यप एवं महिला आरक्षक विनिषा पटेल की महत्वपूर्ण भूमिका रही.

📺 Vistaar News Live TV

ज़रूर पढ़ें