Stone-Pelting in Bilaspur Clash: मुख्य आरोपी सुहैल खान समेत 5 आरोपियों को पुलिस ने किया गिरफ्तार… जुलूस निकालने की तैयारी
Stone-Pelting in Bilaspur Clash: बिलासपुर. सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र के खपरगंज में हुई पत्थरबाजी और हिंसा के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक पक्ष के मुख्य आरोपी सुहैल खान समेत पांच और आरोपियों को गिरफ्तार किया है. सुहैल खान को मंगलवार रात पुलिस ने पकड़ा था. फिलहाल सिटी कोतवाली पुलिस सभी आरोपियों से पूछताछ कर रही है.
पुलिस द्वारा आरोपियों का जुलूस निकाले जाने की भी तैयारी की जा रही है. वहीं, घटना के बाद तनाव को देखते हुए सिटी कोतवाली क्षेत्र में लागू धारा 144 को हटाने की तैयारी भी चल रही है. एसएसपी रजनेश सिंह इस पूरे मामले को लेकर मीडिया को ब्रीफ करेंगे.
शुक्रवार को हुआ था विवाद और पथराव
शुक्रवार देर शाम खपरगंज इलाके में दो पक्षों के युवकों के बीच किसी बात को लेकर विवाद शुरू हुआ था. देखते ही देखते विवाद मारपीट में बदल गया और मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई. इसके बाद दोनों पक्षों की ओर से पथराव शुरू हो गया. घटना में कुछ पुलिसकर्मियों समेत कई लोगों के घायल होने की जानकारी सामने आई थी.
स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस ने आंसू गैस के गोले छोड़े. देर रात तक वरिष्ठ पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर मौजूद रहे. एसएसपी रजनेश सिंह ने घटनास्थल का निरीक्षण कर अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए. इसके साथ ही जिले के अलग-अलग थानों से अतिरिक्त पुलिस बल बिलासपुर बुलाया गया था.
इससे पहले 11 आरोपी हो चुके है गिरफ्तार
पुलिस के मुताबिक मामले में दो अलग-अलग अपराध दर्ज किए गए हैं. अपराध क्रमांक 488/2026 में आठ आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है. इनमें मौला बक्स उर्फ जूब्बू, शेख अजरूद्धीन उर्फ अज्जू, मोहम्मद जाहिद खान, सफीक अहमद उर्फ राजा खान, शकीर उर्फ सोनू, मोहम्मद लाईक, रेहान अली उर्फ ईरानी और मो. जुनैद शामिल हैं.
वहीं अपराध क्रमांक 489/2026 में राजू यादव उर्फ नान, राकेश यादव उर्फ रिंकु और छत्रपाल साहू को गिरफ्तार किया गया है. इस तरह दोनों मामलों में अब तक कुल 11 आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है.