बिलासपुर में Swine Flu के 7 मरीज मिले, स्वास्थ्य विभाग अलर्ट

बिलासपुर. जिले में स्वाइन फ्लू (Swine Flu) के मरीजों की संख्या बढ़कर सात हो गई है. मरीज सामने आने के बाद स्वास्थ्य विभाग ने निगरानी बढ़ा दी है. विभाग की टीमें संक्रमित मरीजों के क्षेत्रों में पहुंचकर सर्वे कर रही हैं और उनके संपर्क में आए लोगों की जानकारी जुटा रही हैं. मुख्य चिकित्सा एवं […]

बिलासपुर. जिले में स्वाइन फ्लू (Swine Flu) के मरीजों की संख्या बढ़कर सात हो गई है. मरीज सामने आने के बाद स्वास्थ्य विभाग ने निगरानी बढ़ा दी है. विभाग की टीमें संक्रमित मरीजों के क्षेत्रों में पहुंचकर सर्वे कर रही हैं और उनके संपर्क में आए लोगों की जानकारी जुटा रही हैं.

मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. शुभा गरेवाल के अनुसार, जिले में अब तक सात मरीज स्वाइन फ्लू से संक्रमित पाए गए हैं. इनमें चार मरीजों का उपचार बिलासपुर के अपोलो अस्पताल में चल रहा है, जबकि एक मरीज को बेहतर उपचार के लिए रायपुर में भर्ती कराया गया है. दो मरीजों का उपचार जन स्वास्थ्य केंद्र गनियारी में जारी है. सभी मरीजों की स्थिति पर स्वास्थ्य विभाग लगातार नजर रख रहा है.

सिम्स में जांच की सुविधा

स्वास्थ्य विभाग ने संदिग्ध मरीजों की समय पर पहचान के लिए सिम्स में स्वाइन फ्लू की जांच की सुविधा उपलब्ध कराई है. पॉजिटिव मरीजों की जानकारी मिलने के बाद संबंधित क्षेत्रों में स्वास्थ्य विभाग की टीमें सर्वे कर रही हैं. इस दौरान मरीजों के संपर्क में आए लोगों और आसपास के क्षेत्रों में फ्लू जैसे लक्षण वाले लोगों की जानकारी भी जुटाई जा रही है.

सामान्य वायरल समझकर न करें नजरअंदाज

स्वास्थ्य विशेषज्ञों के मुताबिक मौसम में बदलाव के दौरान बुखार, सर्दी और खांसी को अक्सर सामान्य वायरल मानकर लोग नजरअंदाज कर देते हैं. हालांकि, बुखार के साथ लगातार खांसी, सांस लेने में परेशानी या अत्यधिक कमजोरी जैसे लक्षण दिखाई दें तो इसे सामान्य वायरल मानकर खुद से दवा लेने से बचना चाहिए. लक्षण बने रहने या हालत बिगड़ने पर चिकित्सक से जांच और सलाह लेना जरूरी है.

बच्चे, बुजुर्ग और गंभीर बीमारी वाले रहें सतर्क

स्वाइन फ्लू से बचाव के लिए छोटे बच्चों, बुजुर्गों और पहले से गंभीर बीमारी से जूझ रहे लोगों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी गई है. संक्रमित व्यक्ति के खांसने या छींकने से निकलने वाली बूंदों और नजदीकी संपर्क से संक्रमण फैल सकता है. घर में किसी व्यक्ति में फ्लू जैसे लक्षण हों तो उसके साथ नजदीकी संपर्क कम रखने, हाथों की नियमित सफाई करने और कमरे में पर्याप्त हवा का आवागमन बनाए रखने की सलाह दी गई है.

डॉ. शुभा गरेवाल, सीएमएचओ के मुताबिक जिले में अब तक स्वाइन फ्लू के सात पॉजिटिव मरीज मिले हैं. चार मरीज अपोलो, एक रायपुर और दो गनियारी में भर्ती हैं. मरीज मिलने वाले क्षेत्रों में सर्वे कराया जा रहा है और जांच की सुविधा सिम्स में उपलब्ध है.

ये खबर भी जरूर पढ़ेंः Surguja: रात में JCB लेकर सड़क ठीक कराने उतरे बीजेपी विधायक, इसी रास्ते पर फंसी थी पवन साय की कार

ज़रूर पढ़ें