CG News: ठगी का शिकार हुए विधायक पुरंदर मिश्रा, नीतिन नबीन का पीए बनकर मांगे पैसे, ऐसे हुए खुलासा
बीजेपी विधायक पुरंदर मिश्रा
CG News: छत्तीसगढ़ में बीजेपी नेताओं के साथ ठगी और लूट की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही है. बीजेपी विधायक पुरंदर मिश्रा को ठगों ने शिकार बनाया है. आरोपी ने खुद को BJP राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन का पीए बताकर विधायक से संपर्क किया और डीजल डलवाने के नाम पर दो बार पैसे ट्रांसफर करा लिए.
BJP विधायक के साथ ठगी
मिली जानकारी के मुताबिक, ठग ने नितिन नवीन का पर्सनल असिस्टेंट (PA) होने का नाटक किया और रायपुर उत्तर के विधायक पुरंदर मिश्रा को झांसा देकर अपने बताए गए बैंक अकाउंट में 10,000 ट्रांसफर करवा लिए. पुरंदर मिश्रा ने यह रकम 4,500 और 5,500 की दो किस्तों में ट्रांसफर की. विधायक पुरंदर मिश्रा ने जगन्नाथ मंदिर के सेवक नारायण मिश्रा के जरिए ठगों के खाते में पैसे ट्रांसफर करवाए थे. मामले का खुलासा तब हुआ जब पुरंदर मिश्रा ने खुद नितिन नवीन के PA की पहचान की जांच की.
मामले की जांच में जुटी पुलिस
मामले का खुलासा होने पर सेवक नारायण मिश्रा की शिकायत पर खमहरडीह पुलिस स्टेशन में एफआईआर दर्ज कर ली गई है. पुलिस ने साइबर सेल की मदद से जांच शुरू कर दी है. अपनी शिकायत में मिश्रा ने उस फोन नंबर की भी जानकारी दी है, जिसका इस्तेमाल ठगों ने कॉल करने के लिए किया था. साथ ही उस अकाउंट नंबर की भी, जिसमें पैसे ट्रांसफर किए गए थे.
कांग्रेस ने सरकार पर साधा निशाना
वहीं इस मामले में कांग्रेस संचार प्रमुख सुशील आनंद शुक्ला ने बीजेपी सरकार ने निशाना साधा है. उन्होंने कहा कि- बीजेपी नेताओं के दिन सही नहीं चल रहे हैं. राज्य में बीजेपी सरकार का खौफ खत्म हो गया है. कानून व्यवस्था बद से बदतर हो गई है. बीते दिनों पूर्व विधानसभा अध्यक्ष धरमलाल कौशिक के साथ लूट हुई. अब बीजेपी के विधायक के साथ ठगी हो गई. ठगी भी ऐसे विधायक के साथ हुई जो अधिवक्ता हैं. इनकम टैक्स के सलाहकार हैं. राज्य में आरोपियों के हौसले इतने बुलंद हो चुके हैं कि ऐसी घटनाएं हो रही हैं. जब भाजपा के दो विधायकों के साथ ऐसा हो सकता है तो आम आदमी के साथ क्या होगा. नितिन नवीन के पीए के नाम पर ठगी की गई. प्रदेश में भाजपा राज में रसूखदारों से पैसे उगाही का खेल चल रहा है.