Bhilai News: नंबर ब्लॉक किया तो कमरे में घुसा सनकी आशिक, गला दबाने के बाद 10 बार चाकू वार कर उतारा मौत के घाट
अपराधी पिंटू
Bhilai Murder Case: इन दिनों मर्डर और रेप के मामले थमने का नाम नहीं ले रहे हैं. छत्तीसगढ़ के भिलाई से भी हत्या का एक ऐसा ही मामला सामने आया है, जिसने एक बार फिर समाज में डर पैदा कर दिया है. भिलाई में एकतरफा प्यार ने एक फार्मेसी की छात्रा की जिंदगी छीन ली.
दरअसल,19 वर्षीय खुशी से पिंटू साहू नाम का एक युवक एकतरफा प्यार करता था और उसे बार-बार कॉल करके परेशान करता था. युवक की इस हरकत से तंग आकर खुशी ने उसका मोबाइल नंबर ब्लॉक कर दिया. इससे गुस्साए पिंटू ने खुशी की हत्या कर दी. इस खौफनाक हादसे से पूरे इलाके में हड़कंप मचा हुआ है.
आरोपी पिंटू ने खुशी की हत्या कैसे की?
यह घटना भिलाई के वैशाली नगर थाना क्षेत्र की है. शुक्रवार सुबह बलौदाबाजार के रहने वाले आरोपी पिंटू साहू ने बेमेतरा की निवासी खुशी साहू को दो बार फोन किया. लेकिन खुशी ने उसका नंबर पहले ही ब्लॉक कर दिया था, इसलिए उनकी बात नहीं हो सकी. इसके बाद पिंटू ने खुशी की सहेली को फोन लगाया, जिसने उससे कहा कि खुशी के पास अभी मोबाइल नहीं है. यह सुनते ही आरोपी अपनी बाइक से सीधे रामनगर स्थित खुशी के किराए के कमरे पर पहुंच गया. उस वक्त खुशी कमरे में अकेली थी और उसकी सहेली बाथरूम में नहाने गई थी.
पहले गला दबाया फिर चाकू से किए 10 वार
पुलिस की जांच से पता चला है कि आरोपी ने कमरे में पहुंचने के बाद सबसे पहले खुशी से विवाद किया. झगड़े के दौरान उसने खुशी का गला दबा दिया, जिससे वह बेसुध हो गई. इसके बाद आरोपी ने चाकू से उसकी पीठ, हाथ और पेट पर करीब 10 वार किए. गंभीर चोटों और अधिक खून बहने के कारण खुशी की मौके पर ही मौत हो गई. इस वारदात के दौरान आरोपी पिंटू के हाथ में भी गंभीर चोट आई, जिसके बाद वह कमरे से निकलकर फरार हो गया.
ये भी पढ़ें-Durg: पूजा-पाठ और शेयर ट्रेडिंग के नाम पर 85 लाख की ठगी, भिलाई का आरोपी को इंदौर से गिरफ्तार
शादी के लिए बना रहा था दबाव
बाथरूम से बाहर आने पर सहेली ने खुशी को खून से लथपथ देखा, जिसके बाद मकान मालिक और पुलिस (डायल 112) को सूचना दी गई. पुलिस खुशी को अस्पताल ले गई, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया. जांच में सामने आया कि आरोपी पिंटू लगातार अलग-अलग नंबरों से फोन कर खुशी को परेशान कर रहा था और उसने दो दिन पहले खुशी के भाई व कैफे संचालक को भी धमकी दी थी. वह चाहता था कि खुशी अपनी पार्ट-टाइम नौकरी छोड़कर उससे शादी कर ले.