Dongargarh: धर्मनगरी में मचा हड़कंप, फॉरेक्स ट्रेडिंग के नाम पर अरबों की ठगी, 10 राज्यों के निवेशकों ने किया घर घेराव
Dongargarh: छत्तीसगढ़ के डोंगरगढ़ में आज फॉरेक्स ट्रेडिंग के नाम पर कथित ठगी को लेकर हाईवोल्टेज ड्रामा देखने को मिला. जहां रेलवे चौक स्थित वैसलियन चर्च के पास उस समय हंगामे की स्थिति बन गई, जब पंजाब, महाराष्ट्र, कर्नाटक, गोवा, हिमाचल प्रदेश, मध्यप्रदेश समेत 10 राज्यों से आए निवेशकों ने कथित आरोपी के घर के बाहर प्रदर्शन शुरू कर दिया.
फॉरेक्स ट्रेडिंग के नाम पर अरबों की ठगी
पीड़ितों का आरोप है कि ‘लॉन्ग एशिया’ नाम के प्लेटफॉर्म ने जूम मीटिंग और सोशल मीडिया के जरिए लोगों को फॉरेक्स ट्रेडिंग में मोटा मुनाफा कमाने का सपना दिखाया. शुरुआत में निवेशकों को अच्छा रिटर्न भी मिला, जिससे उनका भरोसा बढ़ा और कई लोगों ने बैंक से पैसा निकालकर, यहां तक कि कर्ज लेकर भी बड़ी रकम निवेश कर दी.
निवेशकों का कहना है कि फरवरी 2026 से अचानक प्लेटफॉर्म पर तकनीकी दिक्कत का हवाला देकर निकासी बंद कर दी गई। इसके बाद किसी भी निवेशक को भुगतान नहीं मिला। पीड़ितों का दावा है कि इस पूरे नेटवर्क में पांच लोग शामिल हैं और देशभर के एक लाख से ज्यादा निवेशक इसकी चपेट में आए हैं। उनका कहना है कि फंसी हुई रकम अरबों रुपए में है। हालांकि, पुलिस ने अभी तक इन दावों की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।
10 राज्यों के निवेशकों ने किया घर घेराव
नागपुर से आए पीड़ित निवेशक रविशंकर बाघ ने कुलजीत सिंह भाटिया, जोगेंद्र वर्मा और अभय कुनले पर ठगी का आरोप लगाया है। पीड़ितों का कहना है कि वे अब राजनांदगांव एसपी और रेंज आईजी से मुलाकात कर पूरे मामले की निष्पक्ष जांच और आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग करेंगे.
वहीं, डोंगरगढ़ थाना प्रभारी भूषण चंद्राकर ने बताया कि पुलिस को अभी तक इस मामले में कोई लिखित शिकायत नहीं मिली है. उन्होंने कहा कि जिस स्थान से ठगी हुई है, वहां पहले शिकायत दर्ज कराई जानी चाहिए. फिलहाल पुलिस शिकायत का इंतजार कर रही है, जबकि पीड़ित निवेशक कार्रवाई की मांग पर अड़े हुए हैं. गौर करने वाली बात यह भी है कि ‘लॉन्ग एशिया’ के RBI या SEBI से अधिकृत होने का कोई प्रमाण सामने नहीं आया है और न्यूजीलैंड की वित्तीय नियामक संस्था FMA भी इस प्लेटफॉर्म को लेकर पहले चेतावनी जारी कर चुकी है. ऐसे में निवेश से पहले किसी भी प्लेटफॉर्म की विश्वसनीयता की जांच करना बेहद जरूरी है.
ये भी पढ़ें- खुशखबरी! सावन में बाबाधाम जाने के लिए चलेगी स्पेशल ट्रेन, छत्तीसगढ़ के इन स्टेशनों पर होगा स्टॉपेज