दुर्ग: बिजली दरों में बढ़ोतरी के खिलाफ कांग्रेस का प्रदर्शन, बड़ी संख्या में सड़क पर उतरे पार्टी के कार्यकर्ता
कांग्रेसियों का प्रदर्शन
दुर्ग: छत्तीसगढ़ में बिजली दरों में हुई बढ़ोतरी के खिलाफ कांग्रेस ने दुर्ग जिले में जोरदार प्रदर्शन करते हुए बिजली विभाग के कार्यालय का घेराव किया. भिलाई में कांग्रेस के जिलाध्यक्ष मुकेश चंद्राकर और दुर्ग शहर में जिलाध्यक्ष धीरज बाकलीवाल व राकेश ठाकुर के नेतृत्व में बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता सड़क पर उतरे. प्रदर्शन को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए थे और कार्यालय के बाहर टीन शीट लगाकर बैरिकेडिंग की गई थी.
दरअसल प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने बैरिकेडिंग तोड़कर आगे बढ़ने का प्रयास किया, जिससे पुलिस और कार्यकर्ताओं के बीच जमकर धक्का-मुक्की और झूमाझटकी हुई. कार्यकर्ता हाथों में स्मार्ट मीटर और लालटेन लेकर पहुंचे थे, जिसके जरिए उन्होंने बिजली दर वृद्धि और सरकार की नीतियों के खिलाफ प्रतीकात्मक विरोध दर्ज कराया. बाद में कांग्रेस नेताओं ने एसडीएम थॉमस सिली को ज्ञापन सौंपते हुए लालटेन भी भेंट की.
कार्यालय घेराव के बाद निकाली रैली
कार्यालय घेराव के बाद कांग्रेस कार्यकर्ता रैली के रूप में पटेल चौक पहुंचे, जहां मुख्यमंत्री का पुतला दहन कर नारेबाजी की गई. पुतला दहन के दौरान भी पुलिस और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच हल्की झड़प और धक्का-मुक्की की स्थिति बनी रही.कांग्रेस जिलाध्यक्ष राकेश ठाकुर ने आरोप लगाया कि बिजली दरों में लगातार वृद्धि से आम जनता, किसान और छोटे व्यापारी आर्थिक रूप से प्रभावित हो रहे हैं.
अतिरिक्त वित्तीय बोझ डालना उचित नहीं-कांग्रेस
उन्होंने कहा कि कांग्रेस शासनकाल में उपभोक्ताओं को मिलने वाली 400 यूनिट तक की बिजली राहत बंद कर दी गई है, जो जनविरोधी फैसला है. उनका कहना है कि छत्तीसगढ़ बिजली उत्पादन में अग्रणी राज्य है, ऐसे में उपभोक्ताओं पर अतिरिक्त वित्तीय बोझ डालना उचित नहीं है. कांग्रेस ने चेतावनी दी कि यदि बढ़ी हुई बिजली दरें वापस नहीं ली गईं तो आगे और उग्र आंदोलन किया जाएगा.
राकेश ठाकुर जिला अध्यक्ष कांग्रेस
एसडीएम थॉमस सिली ने कहा कि कांग्रेस के प्रतिनिधियों द्वारा बिजली दर वृद्धि को लेकर ज्ञापन सौंपा गया है. प्रदर्शन के दौरान दिए गए लालटेन और स्मार्ट मीटर के प्रतीकात्मक संदेश को संबंधित उच्च अधिकारियों तक पहुंचाया जाएगा.
ये भी पढ़ेंः ‘IAS का सपना रह गया अधूरा, भगवान ऐसी पत्नी…’, 5 पन्नों का सुसाइड नोट लिखकर दी जान, UPSC की तैयारी कर रहा था युवक