दुर्ग में मिठाई दुकानों पर खाद्य विभाग का छापा, कहीं बासी गुलाब जामुन तो कहीं बर्फी में मिली चूहे की बीट

दुर्ग. दिवाली के त्योहार पर मिठाइयों की बढ़ती मांग के बीच लोगों की सेहत से खिलवाड़ के मामले सामने आने लगे हैं. खराब और बासी मिठाइयों की शिकायतों के बाद खाद्य सुरक्षा विभाग ने दुर्ग जिले में मिठाई कारोबारियों के खिलाफ जांच अभियान तेज कर दिया है.
Durg Sweet Shop Food Raid Diwali

दुर्ग. दिवाली के त्योहार पर मिठाइयों की बढ़ती मांग के बीच लोगों की सेहत से खिलवाड़ के मामले सामने आने लगे हैं. खराब और बासी मिठाइयों की शिकायतों के बाद खाद्य सुरक्षा विभाग ने दुर्ग जिले में मिठाई कारोबारियों के खिलाफ जांच अभियान तेज कर दिया है. विभाग की टीम ने अलग-अलग दुकानों पर छापेमारी कर बड़ी मात्रा में खराब मिठाइयां नष्ट कराई हैं. कहीं बासी गुलाब जामुन मिले, तो कहीं बर्फी में चूहे की बीट मिलने से दुकानों की स्वच्छता व्यवस्था की पोल खुल गई.

 दिवाली नजदीक आते ही दुर्ग जिले के बाजारों में मिठाई और नमकीन की मांग बढ़ गई है. त्योहार के इस सीजन में मिलावट और खराब खाद्य सामग्री की बिक्री की आशंका को देखते हुए खाद्य सुरक्षा विभाग ने दुकानों का निरीक्षण तेज कर दिया है.

खराब मिठाइयां कराई गई नष्ट

हाल ही में विभाग की टीम ने स्मृति नगर स्थित जायका स्वीट्स और पुलगांव चौक स्थित बालाजी प्रतिष्ठान में जांच की. कार्रवाई के दौरान बालाजी स्वीट्स से कुंदा और कलाकंद दाना के नमूने लिए गए. वहीं खराब होने की आशंका पर करीब 100 किलो पुराना कुंदा नष्ट कराया गया. इसी तरह जायका स्वीट्स से 15 किलो बासी गुलाब जामुन भी नष्ट कराए गए.

खाद्य विभाग की जांच में स्मृति नगर स्थित संगम मिठाई दुकान में भी गंभीर लापरवाही सामने आई. यहां बर्फी में चूहे की बीट मिलने के बाद विभाग की टीम ने दुकान की मिठाइयां नष्ट कराईं और संचालकों को साफ-सफाई का विशेष ध्यान रखने की सख्त हिदायत दी.

खाद्य सुरक्षा विभाग के अधिकारी जितेंद्र नेले ने बताया कि दिवाली को देखते हुए जिलेभर में लगातार निरीक्षण किया जा रहा है. मिठाई कारोबारियों को स्वच्छ वातावरण में खाद्य सामग्री तैयार करने और गुणवत्तापूर्ण मिठाइयां बेचने के निर्देश दिए गए हैं. विभाग की टीम सत्यम, जलाराम और तृप्ति सहित अन्य प्रतिष्ठानों की भी जांच कर रही है.

ज़रूर पढ़ें