‘गिरजाघर का निर्माण अवैध, ढहाया जाए’, दुर्ग में पोटिया चर्च विवाद में हिंदू जागरण मंच ने नगर निगम दफ्तर का घेराव किया
दुर्ग में पोटिया चर्च विवाद को लेकर हिंदू संगठन के कार्यकर्ताओं ने जमकर प्रदर्शन किया.
CG News: दुर्ग का कथित पोटिया चर्च विवाद अब लगातार तूल पकड़ता जा रहा है. कल जहां ईसाई समाज ने थाने का घेराव किया था, वहीं आज हिंदू जागरण मंच के कार्यकर्ता नगर निगम दफ्तर पहुंच गए. अधिकारियों के न मिलने पर कार्यकर्ताओं ने महापौर के कक्ष के बाहर ही जमीन पर बैठकर हनुमान चालीसा का पाठ शुरू कर दिया. मंच का दावा है कि चर्च का निर्माण पूरी तरह अवैध है और इसे तुरंत ढहाया जाना चाहिए.
कार्यालय के बाहर बैठकर किया हनुमान चालीसा का पाठ
दुर्ग के पोटिया चर्च विवाद को लेकर आज नगर निगम में भारी हंगामा देखने को मिला. हिंदू जागरण मंच के कार्यकर्ता जब शिकायत लेकर पहुंचे, तो दफ्तर में महापौर और कमिश्नर मौजूद नहीं थे. इससे नाराज कार्यकर्ता महापौर कक्ष के बाहर जमीन पर बैठ गए और हनुमान चालीसा का पाठ शुरू कर दिया. मौके पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया. बाद में डिप्टी कमिश्नर मोहेंद्र साहू और तहसीलदार वसु मित्र दिवान ने आकर ज्ञापन लिया.
‘हमको योगी मॉडल चाहिए, गलत को छोड़ेंगे नहीं’
मंच के प्रफुल पटेल और प्रदीप सिन्हा का कहना है कि चर्च अवैध जमीन पर बना है, इसे तुरंत गिराया जाए. अगर कार्रवाई नहीं हुई, तो उग्र आंदोलन होगा. जागरण मंच के कार्यकर्ताओं ने कहा कि छत्तीसगढ़ में योगी मॉडल चाहिए. जिस तरह यूपी में गलत को छोड़ा नहीं जाता है, वहीं मॉडल छत्तीसगढ़ में लागू हो. बता दें कि इस मामले में कल छत्तीसगढ़ प्रदेश ईसाई समाज ने भी थाने का घेराव किया था, जिसके बाद पुलिस ने 8 लोगों के खिलाफ FIR दर्ज की है. वहीं तहसीलदार वसु मित्र दिवान ने जांच के बाद उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया है.