CG News: राजनांदगांव में संभाग की पहली स्पेस एजुकेशन लैब का लोकार्पण, डॉ. रमन सिंह बोले- भविष्य की तकनीकों के लिए तैयार होंगे विद्यार्थी

CG News: पदुमलाल पुन्नालाल बख्शी स्वामी आत्मानंद अंग्रेजी माध्यम विद्यालय में संभाग की पहली स्पेस एजुकेशन लैब का लोकार्पण छत्तीसगढ़ विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने किया.
Space Education Lab

स्पेस एजुकेशन लैब

CG News: राजनांदगांव स्थित पदुमलाल पुन्नालाल बख्शी स्वामी आत्मानंद अंग्रेजी माध्यम विद्यालय में संभाग की पहली स्पेस एजुकेशन लैब का लोकार्पण छत्तीसगढ़ विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने किया. यह अत्याधुनिक स्पेस एजुकेशन लैब जिला प्रशासन, राजनांदगांव के विशेष प्रयासों तथा मुस्कान फाउंडेशन, जो इसरो पंजीकृत स्पेस ट्यूटर है, के सहयोग से स्थापित की गई है.

अंतरिक्ष विज्ञान से जुड़ेंगे विद्यार्थी

इस पहल का उद्देश्य विद्यार्थियों को अंतरिक्ष विज्ञान, आधुनिक तकनीक और नवाचार आधारित शिक्षा से जोड़ना है. स्पेस एजुकेशन लैब के माध्यम से छात्र-छात्राओं को विज्ञान एवं तकनीक के क्षेत्र में व्यावहारिक अनुभव प्राप्त होगा, जिससे उनमें वैज्ञानिक दृष्टिकोण और नई सोच का विकास हो सकेगा.

एआई, रोबोटिक्स और 3डी प्रिंटिंग की आधुनिक सुविधाएं

इस स्पेस एजुकेशन लैब में विद्यार्थियों के लिए अंतरिक्ष विज्ञान, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई), रोबोटिक्स, कोडिंग, खगोल विज्ञान, रॉकेट विज्ञान, उपग्रह प्रौद्योगिकी तथा 3डी प्रिंटिंग आधारित शिक्षण की आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं. यहां छात्र-छात्राएं प्रयोगात्मक एवं गतिविधि आधारित शिक्षा के माध्यम से विज्ञान को सहज, रोचक और व्यवहारिक तरीके से सीख सकेंगे.

वैज्ञानिक मॉडल और परियोजनाओं की सराहना

लोकार्पण के बाद विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने स्पेस एजुकेशन लैब का अवलोकन किया. इस दौरान उन्होंने विद्यार्थियों द्वारा तैयार किए गए विभिन्न वैज्ञानिक मॉडल और परियोजनाओं की सराहना की तथा उनके नवाचार और रचनात्मक प्रयासों की प्रशंसा की.

नई शिक्षा नीति के अनुरूप महत्वपूर्ण पहल

डॉ. रमन सिंह ने कहा कि नई शिक्षा नीति के अनुरूप इस प्रकार की आधुनिक प्रयोगशालाएं विद्यार्थियों में वैज्ञानिक सोच, नवाचार और अनुसंधान की भावना विकसित करेंगी. उन्होंने विश्वास जताया कि ऐसी पहल विद्यार्थियों को भविष्य की तकनीकों के लिए तैयार करने के साथ-साथ उन्हें विज्ञान एवं अंतरिक्ष अनुसंधान के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करेगी.

ये भी पढे़ं- Rajnandgaon: चलती ‘108 संजीवनी एक्सप्रेस’ में गूंजी किलकारी, ईएमटी और पायलट की सूझबूझ से सुरक्षित प्रसव

ज़रूर पढ़ें