Ambikapur: फूड सेफ्टी विभाग ने पकड़ी नकली पनीर की बड़ी खेप, यात्री बसों से रायपुर पहुंच रहा था जानलेवा प‍नीर

CG News: फूड सेफ्टी विभाग के अधिकारियों ने अंबिकापुर बस स्टैंड में रायपुर से पहुंचे संदिग्ध नकली पनीर की खेप को जब्त किया है.
symbolic picture

सांकेतिक तस्‍वीर

Ambikapur: अंबिकापुर में जिला प्रशासन की टीम ने पुलिस और फूड सेफ्टी डिपार्टमेंट के सहयोग से नकली पनीर के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है. फूड सेफ्टी विभाग के अधिकारियों ने अंबिकापुर बस स्टैंड में रायपुर से पहुंचे संदिग्ध नकली पनीर की खेप को जब्त किया है. इसके बाद पूरे मामले की जांच शुरू कर दी गई है. जानकारी के मुताबिक रायपुर से प्रांजल यात्री बस के माध्यम से करीब एक क्विंटल पनीर आज सुबह अंबिकापुर बस स्टैंड पहुंचा था.

पुलिस जवानों ने दी जानकारी

पुलिस जवानों ने देखा कि बस से उतारे गए पनीर को लेने के लिए काफी देर तक कोई व्यक्ति नहीं पहुंचा. इसके बाद उन्हें शक हुआ और उन्होंने इसकी जानकारी फूड सेफ्टी डिपार्टमेंट और जिला प्रशासन के अधिकारियों को दी. सूचना मिलते ही खाद्य सुरक्षा एवं औषधि विभाग के अधिकारी मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की. प्रथम दृष्टया पनीर नकली प्रतीत होने पर अधिकारियों ने पूरी खेप को जब्त कर लिया.

इसी दौरान अंबिकापुर के अग्रसेन चौक के पास संचालित एक डेयरी सेंटर का कर्मचारी वहां पहुंचा. उसने अधिकारियों को बताया कि यह पनीर उनके संचालक द्वारा मंगवाया गया है, लेकिन संचालक फिलहाल अंबिकापुर में मौजूद नहीं हैं. कुछ देर बाद वह कर्मचारी भी मौके से चला गया.

फूड सेक्टी विभाग ने की कार्रवाई

दूसरी तरफ फूड सेफ्टी विभाग के अधिकारी नितेश मिश्रा और तहसीलदार ने मौके पर पहुंचकर कार्रवाई की. अधिकारियों ने जब्त किए गए पनीर का सैंपल लेकर उसे सील किया और जांच के लिए लैब भेज दिया. अंबिकापुर में इससे पहले भी नकली पनीर की खेप पकड़ी जा चुकी है, जिसके बाद प्रशासन लगातार निगरानी बनाए हुए है.

फूड सेफ्टी अधिकारी नितेश मिश्रा ने बताया कि नकली पनीर तैयार करने के लिए डालडा, वनस्पति तेल और अन्य सामग्री का इस्तेमाल किया जाता है. इसके बाद उसे असली पनीर बताकर बाजार में बेचा जाता है, जो लोगों की सेहत के लिए बेहद खतरनाक है. उन्होंने कहा कि लैब रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी. साथ ही नकली पनीर बनाने और इस तरह सप्लाई करने वाले लोगों के खिलाफ आने वाले दिनों में और भी कड़ी कार्रवाई की जाएगी.

ये भी पढे़ं- CG News: मैनपावर घोटाले में हाई कोर्ट ने खारिज की अनवर ढेबर की जमानत याचिका, कोर्ट ने कहा- आर्थिक अपराध सामान्‍य नहीं

ज़रूर पढ़ें