अजब-गजब मामला! नसबंदी से पहले महापौर ने आवारा कुत्तों की तिलक लगाकर की पूजा
Mayor Worships Street Dogs: जगदलपुर नगर निगम से एक अनोखा मामला सामने आया है. जहां महापौर संजय पांडेय कंगोली के नसबंदी सेंटर में कुत्तों की पूजा करने बैठ गए. इसके बाद शहर में इस पूजा का वीडियो तेजी से वायरल होने लगा. कार्यक्रम को लेकर लोगों की तरह-तरह की प्रतिक्रिया सामने आने लगी. सोशल मीडिया पर लोग लिखने लगे कि जगदलपुर नगर निगम प्रदेश का पहला डॉग लवर निगम है.
नसबंदी से पहले आवारा कुत्तों की पूजा
इस तरह से इस कार्यक्रम को लेकर लोगों की मिलीजुली प्रतिक्रिया सामने आई. शहर में आवारा कुत्तों की बढ़ती संख्या और उनसे जुड़ी शिकायतों के बीच रविवार को नगर निगम का यह अनोखा अंदाज लोगों के बीच चर्चा का विषय बन गया. आमतौर पर सरकारी योजनाओं की शुरुआत फीता काटकर या दीप प्रज्वलित कर होती है, लेकिन इस बार नगर निगम ने आवारा श्वानों के लिए शुरू किए गए एबीसी (एनिमल बर्थ कंट्रोल) सेंटर का शुभारंभ कुत्तों की पूजा कर किया.
आवारा कुत्तों की बढ़ती संख्या को लेकर लिया गया फैसला
दरअसल, शहर में लंबे समय से आवारा कुत्तों की बढ़ती संख्या, रात के समय झुंड में घूमने, लोगों पर हमला करने और रेबीज जैसी बीमारियों को लेकर लगातार शिकायतें मिल रही थीं. इसे गंभीरता से लेते हुए महापौर संजय पांडेय ने पशु प्रेमी संस्थाओं और निगम अधिकारियों के साथ बैठक कर अभियान की रूपरेखा तैयार करवाई. इसके बाद नगर निगम, पशु चिकित्सा विभाग और पशु प्रेमियों की संयुक्त निगरानी समिति बनाई गई, जो पूरे अभियान पर नजर रखेगी.
ये भी पढ़ें- Bijapur: बीजापुर में मिला नक्सलियों का बंकर, पुलिस ने हथियारों और मशीनों का जखीरा किया बरामद
नगर निगम ने अभियान के तहत हर महीने करीब 500 आवारा कुत्तों के बधियाकरण का लक्ष्य तय किया है. आने वाले समय में शहर के अलग-अलग वार्डों में चरणबद्ध तरीके से अभियान चलाया जाएगा. निगम अधिकारियों के अनुसार इससे आने वाले वर्षों में आवारा श्वानों की संख्या नियंत्रित होगी और शहर में लोगों के लिए सुरक्षित माहौल तैयार किया जा सकेगा.