CG News: मजदूर दिवस पर भूपेश बघेल ने खाया बोरे बासी, सरकार पर साधा निशाना, बोले- सुशासन तिहार के नाम पर सिर्फ दिखावा
पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल
CG News: छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने 1 मई को अंतर्राष्ट्रीय मजदूर दिवस के अवसर पर दुर्ग के राजीव भवन में पारंपरिक बोरे बासी खाकर श्रमिकों को शुभकामनाएं दीं. इस मौके पर जिला कांग्रेस अध्यक्ष मुकेश चंद्राकर, धीरज बाकलीवाल, राकेश ठाकुर समेत कई कांग्रेस नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे.
बोरे बासी की परंपरा और महत्व
भूपेश बघेल ने कहा कि बोरे बासी छत्तीसगढ़ के किसान और मजदूर वर्ग के जीवन का अहम हिस्सा है. उनकी सरकार ने इसे पहचान दिलाने के लिए ‘बोरे बासी दिवस’ के रूप में स्थापित किया था. उन्होंने इसे गर्मी में शरीर के लिए अमृत समान बताते हुए इस परंपरा को आगे भी बनाए रखने की जरूरत बताई. साथ ही उन्होंने इसके पोषण मूल्य का जिक्र करते हुए कहा कि इसमें भरपूर विटामिन होते हैं और यह स्वास्थ्य के लिए लाभकारी है.
भाजपा सरकार पर तीखा हमला
इस दौरान बघेल ने भाजपा सरकार पर भी तीखा हमला बोला. उन्होंने कहा कि ‘सुशासन तिहार’ के नाम पर केवल दिखावा किया जा रहा है, जबकि जमीनी हकीकत कुछ और है. उनके मुताबिक राज्य में बिजली की समस्या बनी हुई है, शराब की बिक्री बढ़ रही है, सरकारी विभागों में भ्रष्टाचार है और किसानों को समय पर खाद तक नहीं मिल पा रहा है. उन्होंने सवाल उठाया कि जब मजदूरों को काम और युवाओं को रोजगार नहीं मिल रहा, तो इसे सुशासन कैसे कहा जा सकता है.
चुनावी राज्यों में कांग्रेस की स्थिति को बताया मजबूत
आगामी चुनावी माहौल को लेकर भी बघेल ने कांग्रेस की स्थिति मजबूत बताई. उन्होंने दावा किया कि पार्टी केरल, तमिलनाडु, पुड्डुचेरी और असम जैसे राज्यों में बेहतर प्रदर्शन करेगी. इसके साथ ही उन्होंने आरोप लगाया कि छत्तीसगढ़ की मौजूदा सरकार का संचालन राज्य से बाहर, दिल्ली या अहमदाबाद से हो रहा है, जिससे प्रदेश की जनता को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है.