रायपुर एयरपोर्ट पर मजदूर की मौत, विस्तार न्यूज़ के सवाल सुन भाग खड़े हुए DGM

CG News रायपुर स्थित स्वामी विवेकानंद एयरपोर्ट पर आज उस वक्त हड़कंप मच गया, जब वेटिंग हॉल की छत पर मरम्मत कार्य कर रहा एक मजदूर अचानक नीचे गिर पड़ा.
DGM Seen Evading Questions on Airport Mishap

एयरपोर्ट हादसे पर सवालों से भागते दिखे DGM

CG News: छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर स्थित स्वामी विवेकानंद एयरपोर्ट पर आज उस वक्त हड़कंप मच गया, जब वेटिंग हॉल की छत पर मरम्मत कार्य कर रहा एक मजदूर अचानक नीचे गिर पड़ा. घटना के समय हॉल में बड़ी संख्या में यात्री अपनी फ्लाइट का इंतजार कर रहे थे. मजदूर के गिरते ही मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया और यात्रियों में दहशत फैल गई. बताया जा रहा है कि सीलिंग पर मरम्मत का काम चल रहा था, तभी संतुलन बिगड़ने से यह हादसा हुआ. हादसे में मजदूर की मौत हो गई.

मजदूर की मौत पर एयरपोर्ट DGM का गैर जिम्मेदाराना रवैया

घटना के बाद रायपुर एयरपोर्ट प्रशासन का गैर जिम्मेदाराना रवैया भी सामने आया. मृतक मजदूर की मौत को लेकर जब एयरपोर्ट प्रशासन से सवाल किए, तो अधिकारी अपनी ही जिम्मेदारी से बचते नजर आए. पूरे हादसे को लेकर अधिकारी अपना पल्‍ला झाड़ते नजर आए. पूरे हादसे का ठीकरा ठेकेदार के मथ्‍थे मढ़ा जा रहा है.

जब इस हादसे को लेकर विस्‍तान न्‍यूज़ के रिपोर्टर ने DGM देवेंद्र गोस्‍वामी से सवाल पूछा तो वे भड़क गए. यहां तक की वे रिपोर्टर के साथ हाथापाई के लिए भी तैयार हो गए. उन्‍होंने रिपोर्टर के माइक को छीनने की कोशिश की. इसके साथ ही कैमरे को नीचे गिराने की कोशिश की. जब उन्‍हें रोककर हादसे से जुडे़ सवाल पूछे तो वे भाग खड़े हुए.

घटना के दौरान एयरपोर्ट अथॉरिटी के ऑपरेशन इंचार्ज विनय पटेल भी मीडिया के कैमरों से बचते नजर आए. मजदूर की मौत के बाद एयरपोर्ट प्रशासन के अधिकारियों का रवैया अब सवालों के घेरे में आ गया है.

एयरपोर्ट डायरेक्टर और परिजनों के बीच फोन पर बहस

मृतक मजदूर की मौत के मामले में एयरपोर्ट डायरेक्टर ने परिजनों से फोन पर बातचीत की. इस दौरान एयरपोर्ट डायरेक्टर और मृतक के परिजनों के बीच तीखी बहस भी हुई. परिजनों ने एयरपोर्ट प्रशासन के खिलाफ नाराजगी और गुस्सा जाहिर किया.

एयरपोर्ट डायरेक्टर ने मृतक के परिजनों को अपने ऑफिस में मिलने के लिए बुलाया, लेकिन परिजनों ने वहां आने से इनकार कर दिया. परिजनों का कहना था कि एयरपोर्ट डायरेक्टर खुद अस्पताल पहुंचकर उनसे मुलाकात करें.

मुआवजे और आर्थिक सहायता की घोषणा

एयरपोर्ट में मजदूर की मौत के बाद मृतक के परिजनों के लिए आर्थिक सहायता की घोषणा की गई है. मृतक के परिजनों को अंतिम संस्कार के लिए एक लाख रुपए देने की बात कही गई है. इसके अलावा मुआवजे के तौर पर मृतक की पत्नी को हर महीने मृतक की सैलरी के बराबर राशि दी जाएगी. यह राशि मृतक की रिटायरमेंट आयु तक दी जाएगी. बताया गया है कि इस पूरे खर्च की जिम्मेदारी ठेकेदार उठाएगा.

जय इंटरप्राइजेज को मिला रायपुर एयरपोर्ट का ठेका

जानकारी के अनुसार, जय इंटरप्राइजेज नाम की कंपनी को रायपुर एयरपोर्ट में ठेका का काम मिला हुआ है. इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग और मोटर से जुड़े काम के लिए कंपनी को ठेका मिला है. रायपुर एयरपोर्ट में जय इंटरप्राइजेज के 45 कर्मचारी काम करते हैं. इसमें इंजीनियर हेल्पर सुपरवाइजर और इलेक्ट्रिशियन शामिल है. ठेकेदार विनीत शाह का कहना है कि हमने सुरक्षा से जुड़े सभी सामान कर्मचारियों को दिया था. अब उसने क्यों नहीं पहना था, यह नहीं पता क्योंकि हम मौजूद नहीं थे. ऐसी घटना दोबारा ना हो इसके लिए हम सभी सुपरवाइजर और कर्मचारियों को ट्रेनिंग देंगे.

ये भी पढे़ं- रायपुर एयरपोर्ट में बड़ा हादसा, सीलिंग रिपेयरिंग के दौरान गिरा इलेक्ट्रीशियन, इलाज के दौरान मौत

ज़रूर पढ़ें