26/11 मुंबई हमले के रियल हीरो अब रायपुर में संभाल रहे सुरक्षा की कमान, .303 राइफल से कसाब को खदेड़ा था

26/11 Hero In Raipur: रायपुर. 26 नवंबर 2008 की वो काली रात जब मुंबई आतंकी हमले से दहल उठी थी, तब छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस (CSMT) पर मौत बनकर नाच रहे आतंकी अजमल कसाब और अबू इस्माइल के सामने दीवार बनकर खड़े होने वाले जांबाज अफसर आज छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में रेलवे की सुरक्षा संभाल रहे हैं.
26-11-mumbai-attack-real-hero-rpf-officer-sandeep-tanaji-khiratkar-posted-in-raipur

रायपुर. 26 नवंबर 2008 की वो काली रात जब मुंबई आतंकी हमले से दहल उठी थी, तब छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस (CSMT) पर मौत बनकर नाच रहे आतंकी अजमल कसाब और अबू इस्माइल के सामने दीवार बनकर खड़े होने वाले जांबाज अफसर आज छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में रेलवे की सुरक्षा संभाल रहे हैं. रेलवे सुरक्षा बल (RPF) के वरिष्ठ अधिकारी संदीप तानाजी खिरटकर वर्तमान में दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे (SECR) के रायपुर मंडल में सहायक सुरक्षा आयुक्त (ASC) के पद पर पदस्थ हैं.

 26/11 की बरसी पर यह जानना बेहद गौरवपूर्ण है कि जिस अधिकारी की अचूक गोलीबारी ने कसाब को स्टेशन से भागने पर मजबूर किया और जिसने कसाब को फांसी के फंदे तक पहुंचाने वाला सबसे बड़ा डिजिटल सबूत (CCTV फुटेज) सुरक्षित किया, वह जांबाज अधिकारी आज हमारे अपने शहर रायपुर में अपनी सेवाएं दे रहा है.

7 मिनट में बाइक से पहुंचे स्टेशन, .303 राइफल से संभाला मोर्चा

सुप्रीम कोर्ट के ऐतिहासिक फैसले (PW-66 के रूप में दर्ज बयान) के मुताबिक, 26 नवंबर 2008 की रात संदीप खिरटकर मुंबई के CSMT में आरपीएफ इंस्पेक्टर के पद पर तैनात थे. हमले की रात वे अपने आवास पर थे, तभी कॉन्स्टेबल जाधव ने उन्हें फोन पर स्टेशन पर आतंकी हमले की सूचना दी. खबर मिलते ही वे बिना समय गंवाए अपनी मोटरसाइकिल से महज 5 से 7 मिनट के भीतर स्टेशन पहुंच गए.

 आधुनिक हथियारों (AK-47) से लैस आतंकियों का सामना करने के लिए खिरटकर सीधे जनरल मैनेजर (GM) ऑफिस स्थित आरपीएफ शस्त्रागार पहुंचे और वहां से एक .303 राइफल और 20 राउंड कारतूस निकाले. अपने साथी एसआई भोसले और इंस्पेक्टर क्षीरसागर के साथ उन्होंने डीएन रोड (DN Road) से सटे जीएम पोर्च में मोर्चा संभाला.

कसाब पर जवाबी फायरिंग, रास्ता बदलने को हुए मजबूर

मोर्चा संभालते ही खिरटकर और उनकी टीम ने देखा कि दो आतंकी (कसाब और अबू इस्माइल) सबवे के पास स्थित पोर्च की तरफ बढ़ रहे हैं. आतंकियों ने उन पर अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी. खिरटकर और उनके साथियों ने भी अपनी .303 राइफल से सटीक जवाबी फायरिंग की. इस जबरदस्त जवाबी हमले से घबराकर कसाब और अबू इस्माइल को अपना रास्ता बदलना पड़ा. वे वापस स्टेशन में घुसे और प्लेटफॉर्म नंबर-1 से होते हुए फुट-ओवरब्रिज के जरिए स्टेशन से बाहर भाग निकले. खिरटकर की इस त्वरित कार्रवाई से स्टेशन के भीतर मौजूद सैकड़ों यात्रियों की जान बच गई.

फांसी के फंदे तक पहुंचाने वाला सबसे बड़ा सबूत भी जुटाया

आतंकियों को खदेड़ने के बाद भी संदीप खिरटकर की भूमिका खत्म नहीं हुई. वे तुरंत आरपीएफ ऑफिस के CCTV कंट्रोल रूम पहुंचे. वहां उन्हें पता चला कि मेन लाइन के कैमरे मेंटेनेंस के कारण बंद थे, लेकिन लोकल लाइन के प्लेटफॉर्म नंबर-1 और मेन हॉल के कैमरों में कसाब और अबू इस्माइल की पूरी हरकत रिकॉर्ड हो गई थी.

रात करीब 11:30 बजे जैसे ही उन्हें डीवीआर में रिकॉर्डिंग होने की पुष्टि हुई, उन्होंने बिना देर किए मुख्य हॉल और अन्य जगहों के फुटेज की एक सीडी तैयार की और उसे तत्काल सील कर दिया. चूंकि DVR में रिकॉर्डिंग केवल 7 दिनों तक ही सुरक्षित रहती थी, इसलिए खिरटकर की इस सूझबूझ ने जांच एजेंसियों को सबसे पुख्ता सबूत सौंप दिया. इसी फुटेज और 28 दिसंबर 2008 को आर्थर रोड जेल में हुई शिनाख्त परेड में खिरटकर की गवाही ने कसाब को फांसी की सजा दिलाने में निर्णायक भूमिका निभाई.

राष्ट्रपति से मिला वीरता पदक, अब रायपुर में दे रहे सेवाएं

26/11 हमले के दौरान दिखाए गए अदम्य साहस और कर्तव्यनिष्ठा के लिए भारत सरकार ने गणतंत्र दिवस 2010 के अवसर पर संदीप खिरटकर को प्रतिष्ठित ‘पुलिस वीरता पदक’ (Police Medal for Gallantry) से सम्मानित किया. मुंबई के बाद उन्होंने मध्य प्रदेश (आमला) और पुणे रेलवे जंक्शन पर भी अपनी सेवाएं दीं. पदोन्नति के बाद वे सहायक सुरक्षा आयुक्त (ASC) बने और वर्तमान में रायपुर रेल मंडल में यात्री सुरक्षा और कानून-व्यवस्था को मजबूत कर रहे हैं.

📺 Vistaar News Live TV

ज़रूर पढ़ें