CG Weather: छत्तीसगढ़ में आज तूफानी बारिश, 11 जिलों के लिए IMD का ऑरेंज अलर्ट, चलेगी आंधी
cg weather
CG Weather: रायपुर: देशभर में मानसून का दौर अभी भी जारी है. मौसम विभाग ने बुधवार 2 सितंबर को जारी ताजा पूर्वानुमान में 3 सितंबर के लिए एक साथ कई राज्यों में भारी बारिश, गरज-चमक और तेज हवाओं की चेतावनी जारी की है. छत्तीसगढ़ में भी 3 सितंबर को भारी बारिश के साथ आंधी, गरज-चमक और बिजली गिरने का खतरा बना रहेगा.
बारिश और आंधी का अलर्ट
छत्तीसगढ़ में 3 सितंबर को भारी बारिश के साथ आंधी, गरज-चमक और बिजली गिरने की चेतावनी जारी गई है. IMD ने बलरामपुर, सरगुजा, मनेंद्रगढ़, सूरजपुर, रायपुर, बिलासपुर, धमतरी, जांजगीर-चांपा, दुर्ग, कोरबा और महासमुंद सहित कई इलाकों में मौसम खराब रहने की चेतावनी जारी की है. बारिश के साथ तेज हवा के झोंके चल सकते हैं. मौसम संबंधी रिपोर्टों में हवा की रफ्तार करीब 65 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंचने की आशंका जताई गई है.
मौसम विभाग ने लोगों से की ये अपील
बता दें राज्य में बारिश के साथ-साथ गरज-चमक और बिजली भी गिरने की संभावना है. ऐसे में मौसम विभाग ने लोगों को खराब मौसम के दौरान खुले मैदान, पेड़ों और बिजली के खंभों के आसपास खड़े होने से बचने की सलाह दी है. इतना ही नहीं आंधी के दौरान बड़े पेड़ों की शाखाएं टूटकर गिर सकती हैं. सड़क किनारे खड़े वाहनों को भी नुकसान पहुंचने की आशंका रहती है.
छत्तीसगढ़ में बारिश का दौर जारी
गंगीय पश्चिम बंगाल पर बने सुस्पष्ट निम्न दबाव के असर से उत्तर और मध्य छत्तीसगढ़ में बारिश का दौर जारी है. सबसे ज्यादा बारिश बलरामपुर जिले में हुई है. चांदो में 150MM, रामचंद्रपुर में 120MM, रामानुजगंज-वाड्रफनगर में 80-80MM और बलरामपुर, कुसमी, समरी में 70-70MM बारिश दर्ज की गई है.
लगातार बारिश से धान की फसल को फायदा मिला है, लेकिन सब्जी उत्पादकों की चिंता बढ़ गई है. दुर्ग में शिवनाथ नदी उफान पर है, महमरा एनिकट पर डेढ़ फीट पानी बह रहा है. जल संसाधन विभाग ने 12 गेट खोल दिए हैं.