छत्तीसगढ़ में कोचिंग पर नया कानून लाने की तैयारी, बीच में छोड़ने पर लौटानी पड़ेगी फीस

New Coaching Act Drafted Soon: छात्रों से मनमानी वसूली, अधूरी जानकारी और असुरक्षित माहौल जैसी शिकायतों के बाद राज्य सरकार एक नया अधिनियम लाने की तैयारी में है. इसका मकसद शिक्षण केंद्रों को जवाबदेह बनाना और पढ़ने वालों को सुरक्षित वातावरण देना है.
Coaching Institute

कोचिंग संस्थान

Chhattisgarh Coaching Law Fee Refund: छत्तीसगढ़ से इस वक्त की बड़ी खबर आ रही है. कोचिंग संस्थानों की मनमानी रोकने के लिए सरकार नया फैसला लेने जा रही है. इसके तहत कोई विद्यार्थी पूरे कोर्स की फीस जमा करने के अगर अपनी पढ़ाई बीच में छोड़ देता है तो संस्थान को बचे हुए समय की फीस आनुपातिक आधार पर लौटानी होगी. उदाहरण के तौर पर समझें तो एक वर्षीय पाठ्यक्रम के लिए साठ हजार जमा करने वाला छात्र चार माह बाद पढ़ाई छोड़ता है, तो बाकी आठ माह के चालीस हजार उसे मिल जाएंगे.

बता दें, छात्रों से मनमानी वसूली, अधूरी जानकारी और असुरक्षित माहौल जैसी शिकायतों के बाद राज्य सरकार एक नया अधिनियम लाने की तैयारी में है. इसका मकसद शिक्षण केंद्रों को जवाबदेह बनाना और पढ़ने वालों को सुरक्षित वातावरण देना है. इससे अभिभावकों पर आर्थिक बोझ कम होगा.

नामांकन से पहले जानकारी देनी होगी

नामांकन से पहले ही संस्थान को शुल्क संरचना और पढ़ाए जाने वाले विषयों की पूरी जानकारी देनी होगी. ताकि छात्र व परिवार सोच-समझकर फैसला ले सकें. इस प्रस्तावित नियम का दायरा काफी व्यापक रखा गया है. चिकित्सा, अभियांत्रिकी, लोक सेवा आयोग, बैंकिंग सहित विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कराने वाले सभी केंद्र इसके अंतर्गत आएंगे.

सरकार ने जारी किया निर्देश

केंद्र की ओर से जारी आदर्श दिशा-निर्देशों से प्रदेश का नियम अधिक सख्त होगा. केंद्र ने पचास से अधिक विद्यार्थियों वाले केंद्रों के पंजीकरण की बात कही थी, जबकि छत्तीसगढ़ में बीस या उससे अधिक विद्यार्थियों वाले केंद्रों को भी पंजीकरण कराना होगा. इससे छोटे केंद्र भी निगरानी में आ जाएंगे.

विद्यार्थियों के मनोबल और सुरक्षा को लेकर भी कई प्रावधान रखे गए हैं. हर केंद्र में परामर्श की व्यवस्था होगी और परेशान करने वाली घटनाओं की सुनवाई के लिए अलग तंत्र बनेगा. छात्र व अभिभावक दिन-रात चलने वाली हेल्पलाइन पर फीस, सुरक्षा और उत्पीड़न से जुड़ी शिकायत दर्ज करा सकेंगे. निगरानी के लिए दो स्तरीय व्यवस्था बनेगी. राज्य स्तर पर मुख्य सचिव की अगुवाई में प्राधिकरण और जिले में कलेक्टर की अध्यक्षता में समिति गठित होगी. नियम तोड़ने पर दस हजार से पांच लाख तक का आर्थिक दंड और पंजीकरण निरस्त करने की कार्रवाई हो सकती है.

📺 Vistaar News Live TV

ज़रूर पढ़ें