Dhamtari: कमरा नंबर 106 का आखिर क्या है राज? लॉज में मिली युवती की लाश से सनसनी, बॉयफ्रेंड के मैसेज ने बढ़ाया सस्पेंस
धमतरी
इनपुट-अभिषेक मिश्रा
Dhamtari Crime News: धमतरी शहर के रुद्री रोड स्थित एक लॉज के कमरा नंबर 106 में युवती की संदिग्ध परिस्थितियों में लाश मिलने के बाद कई सवाल खड़े हो गए हैं. मृतका की पहचान कवर्धा जिले की रहने वाली पिंकी मानिकपुरी के रूप में हुई है. युवती 24 सितंबर से लॉज में ठहरी हुई थी और शनिवार को उसका शव कमरे के अंदर मिला.
कर्मचारियों ने युवती को आखिरी बार देखा था
जानकारी के मुताबिक शुक्रवार रात करीब साढ़े 10 बजे सीजीजीरो 5 लॉज कर्मचारियों ने युवती को आखिरी बार देखा था. इसी दौरान एक डिलीवरी बॉय उसके लिए सामान लेकर लॉज पहुंचा था. इसके बाद शनिवार सुबह काफी देर तक कमरे का दरवाजा नहीं खुला. कर्मचारियों ने जब कमरे से सटी खिड़की से अंदर झांककर देखा तो युवती कमरे में पड़ी हुई दिखाई दी. अनहोनी की आशंका पर तत्काल पुलिस को सूचना दी गई. सूचना मिलते ही DSP भानुप्रताप चंद्राकर, कोतवाली थाना प्रभारी राजेश जगत सहित पुलिस टीम मौके पर पहुंची और कमरे को अपने कब्जे में लेकर जांच शुरू की.
रविवार को परिजनों की मौजूदगी में कमरे की जांच की गई. पुलिस के सामने कमरे के अंदर कई ऐसी चीजें सामने आईं, जिनसे मामला और पेचीदा हो गया है. युवती के चेहरे पर हल्के खून के निशान बताए जा रहे हैं. वहीं कमरे का दीवार वाला पंखा टूटा हुआ मिला, जिसमें फंदा बनाए जाने की बात सामने आई है. शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेजा गया है. पुलिस के मुताबिक शुरुआती जांच में मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, लेकिन मौत की असली वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट और विस्तृत जांच के बाद ही स्पष्ट होगी.
आखिर धमतरी क्यों आई थी पिंकी?
अब पुलिस जांच का सबसे बड़ा सवाल यही है कि कवर्धा की रहने वाली पिंकी आखिर धमतरी क्यों आई थी? वह 24 सितंबर से अकेले लॉज में रह रही थी या उसके साथ कोई और भी था? शुक्रवार रात के बाद कमरे में क्या हुआ? और अगर यह आत्महत्या है तो आखिर वह कौन सी वजह थी, जिसने युवती को इतना बड़ा कदम उठाने के लिए मजबूर किया?
बॉयफ्रेंड के मैसेज ने बढ़ाया सस्पेंस
मामले में एक और अहम जानकारी सामने आई है. बताया जा रहा है कि धमतरी में रहने वाले युवती के कथित बॉयफ्रेंड ने मृतका की सहेली को मैसेज किया था. मैसेज में उसने पिंकी (प्रिया) से बात कराने की बात कही और यह भी बताया कि पिंकी ने उसे हर तरफ से ब्लॉक कर दिया है. इस मैसेज का स्क्रीनशॉट भी सामने आने की बात कही जा रही है.
अब पुलिस इस मैसेज और युवती के मोबाइल फोन समेत अन्य डिजिटल साक्ष्यों की भी जांच कर सकती है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि मौत से पहले युवती किस-किस के संपर्क में थी और आखिरी बार उसकी किससे बातचीत हुई थी.
फिलहाल पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू कर दी है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट, मोबाइल फोन की जांच, सीसीटीवी फुटेज और लॉज में युवती के आने-जाने से जुड़ी जानकारी से पूरे घटनाक्रम की कड़ियां जोड़ने की कोशिश की जा रही है. कमरा नंबर 106 में युवती की मौत का सच क्या है? क्या यह आत्महत्या है या कहानी में कोई और राज छिपा है? इन सवालों के जवाब पुलिस जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही सामने आएंगे.