जोधपुर-पुरी नई साप्ताहिक ट्रेन का प्रस्ताव, यात्रियों को सौगात, छत्तीसगढ़ के यात्रियों को मिलेगा फायदा…
ट्रेन
रायपुर. भारतीय रेलवे के आगामी समय-सारणी निर्धारण को लेकर नवी मुंबई में विगत 8 से 10 अक्टूबर के बीच महत्वपूर्ण आईआरटीटीसी जोनल वाइस बैठक संपन्न हुई. इस उच्चस्तरीय बैठक में देश के विभिन्न रेलवे जोन्स की ओर से नई ट्रेनों के संचालन और नए प्रोजेक्ट्स के कई अहम प्रस्ताव पेश किए गए. इसी कड़ी में राजस्थान के जोधपुर से ओडिशा के धार्मिक और पर्यटन केंद्र पुरी के बीच वाया कटनी-बिलासपुर एक नई साप्ताहिक ट्रेन चलाने का बहुप्रतीक्षित प्रस्ताव भी प्रस्तुत किया गया है. (Jodhpur Puri New Weekly Train Proposal)
रेलवे के इस नए प्रस्ताव के मुताबिक, यह ट्रेन जोधपुर और पुरी के बीच हफ्ते में एक फेरा लगाएगी. यह गाड़ी प्रत्येक शुक्रवार को जोधपुर से दोपहर बाद 16:50 बजे रवाना होगी. इसके बाद यह रात 21:20 बजे जयपुर पहुंचेगी और अगले दिन शनिवार को शाम 16:55 बजे भुवनेश्वर होते हुए शाम 18:45 बजे पुरी पहुंचेगी. वापसी की दिशा में यह ट्रेन प्रत्येक रविवार को सुबह 06:35 बजे पुरी से प्रस्थान करेगी. (Jodhpur Puri New Weekly Train Proposal)
सुबह 07:50 बजे भुवनेश्वर और दोपहर 14:05 बजे जयपुर होते हुए रविवार शाम 19:15 बजे जोधपुर वापस लौटेगी. यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए इस ट्रेन के मार्ग में कई प्रमुख वाणिज्यिक ठहराव प्रस्तावित किए गए हैं. मुख्य स्टेशनों की सूची में एमटीडी, डीएनए, एमकेएन, फुलेरा, जयपुर, दुगापुरा, बनस्थली निवाई, सवाई माधोपुर, सोगरिया, बारां, गुना, अशोकनगर, मुंगावली, सागर, दमोह, कटनी मुड़वारा, शहडोल, अनूपपुर, पेंड्रा रोड, बिलासपुर, रायगढ़, झारसुगुड़ा रोड, संबलपुर, रैरखोल, अंगुल, तालचेर रोड, ढेंकनाल, भुवनेश्वर और खुर्दा रोड शामिल हैं.
पुरी और जोधपुर के लिए मिलेगी सीधी ट्रेनें
इस प्रस्तावित ट्रेन के संचालन से राजस्थान, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और ओडिशा के बीच की दूरियां कम होंगी. विशेष तौर पर जोधपुर और जयपुर से पश्चिम बंगाल व ओडिशा जाने वाले यात्रियों को एक नया और सीधा रेल मार्ग मिलने से बड़ी राहत मिलेगी. साथ ही शहर के लोगों को पुरी और जोधपुर के लिए अतिरिक्त ट्रेन की सुविधा मिलेगी. आईआरटीटीसी की इस बैठक में हरी झंडी मिलने के बाद अब रेलवे बोर्ड की अंतिम मुहर लगने के बाद इस ट्रेन के नियमित संचालन की तारीखों का आधिकारिक ऐलान किया जाएगा.
ये खबर भी जरूर पढ़ेंः Raipur Crime News: फर्जी वाट्सएप प्रोफाइल बनाकर 2,00,00,000 की ठगी, 1 करोड़ रुपए होल्ड