2 करोड़ के आईफोन चोरी मामले में कंजर गिरोह के दो और सदस्य गिरफ्तार
रायपुर. मरीन ड्राइव स्थित एप्पल स्टोर से करीब 2 करोड़ रुपए कीमत के आईफोन और अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों की चोरी के मामले में रायपुर पुलिस को एक और बड़ी सफलता मिली है. अंतर्राज्यीय कंजर गिरोह के फरार चल रहे दो अन्य सदस्यों राज झाला और राजेश लोधी को पुलिस ने मध्यप्रदेश के देवास से गिरफ्तार कर लिया है. आरोपियों के कब्जे से चोरी की दो एप्पल वॉच और एक एयरपॉड भी बरामद किया गया है. इस कार्रवाई के साथ ही मामले में अब तक कुल चार आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है.
पुलिस के मुताबिक, 1 नवंबर 2026 को प्रार्थी ऋषभ डागा ने थाना तेलीबांधा में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 31 अक्टूबर और 1 नवंबर की दरम्यानी रात मरीन ड्राइव स्थित आई नैक्स्ट इनोवेशन प्राइवेट लिमिटेड के एप्पल स्टोर का शटर उठाकर अज्ञात चोरों ने 173 नग एप्पल आईफोन सहित एप्पल वॉच, हेडफोन और एयरपॉड चोरी कर लिए थे. चोरी गए सामान की कुल कीमत करीब 2 करोड़ रुपये बताई गई थी. आरोपियों ने दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरों का डीवीआर भी चोरी कर लिया था.
मामले में थाना तेलीबांधा में अपराध क्रमांक 487/26 के तहत धारा 331(4), 305 बीएनएस में अपराध दर्ज कर जांच शुरू की गई थी. वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट और तेलीबांधा पुलिस की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए पहले कंजर गिरोह के सरगना राजेश झाला और उसके साथी राज झाला सहित अन्य आरोपियों की संलिप्तता उजागर की थी. वहीं चोरी के आईफोन खपाने वाले बड़वानी निवासी सफान खान को भी गिरफ्तार किया गया था.
पुलिस ने पूर्व में आरोपियों के कब्जे से 125 नग आईफोन और वारदात में इस्तेमाल एक दोपहिया वाहन जब्त किया था. जब्त सामान और वाहन की कुल कीमत करीब 1 करोड़ 50 लाख रुपये आंकी गई थी.
लगातार बदल रहे थे ठिकाने, देवास से पकड़े गए आरोपी
मामले में फरार आरोपियों की तलाश के दौरान पुलिस को पता चला कि राज झाला और राजेश लोधी लगातार अपना लोकेशन बदल रहे थे. पुलिस टीम ने दोनों की तलाश में संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी. आखिरकार दोनों आरोपियों को मध्यप्रदेश के देवास जिले से गिरफ्तार कर लिया गया. उनके कब्जे से चोरी की दो एप्पल वॉच और एक एयरपॉड बरामद किया गया है.
