Raipur Crime News: किराये के मकान से चल रहा था सट्टे का कारोबार, पुलिस ने दी दबिश, तीन आरोपी गिरफ्तार

Raipur Crime News: जांच में सामने आया कि आरोपी ओस्कर ऑनलाइन सट्टा ऐप के माध्यम से अलग-अलग गेम और इवेंट्स पर लोगों से दांव लगवा रहे थे. पुलिस ने मौके से 7 मोबाइल फोन, एक लैपटॉप, वाई-फाई राउटर और 17,200 रुपए नकद बरामद किए
Raipur Betting racket operating from rented house police three accused arrested

रायपुर: ऑनलाइन सट्टा गिरोह का भंडाफोड़, तीन आरोपी गिरफ्तार

Raipur Crime News: राजधानी रायपुर के डीडी नगर इलाके में एक साधारण सा किराये का मकान पुलिस की छापेमारी के बाद ऑनलाइन सट्टे के अड्डे के रूप में सामने आया. यहां से मोबाइल और लैपटॉप के जरिए ओस्कर ऑनलाइन सट्टा ऐप पर विभिन्न गेम और इवेंट्स पर दांव लगवाए जा रहे थे. एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट और डीडी नगर थाना पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में तीन युवकों को अरेस्ट किया गया हैं. पुलिस ने मौके से सात मोबाइल फोन, एक लैपटॉप, नकदी और अन्य उपकरण जब्त किए गए हैं.

पुलिस ने सूचना के आधार पर दबिश दी

रायपुर पुलिस को 1 अगस्त को सूचना मिली थी कि गोल चौक स्थित एक मकान में ऑनलाइन सट्टे का संचालन किया जा रहा है. सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस उपायुक्त (क्राइम एवं साइबर) स्मृतिक राजनाला और पुलिस उपायुक्त (पश्चिम जोन) रॉबिन्सन गुरिया के निर्देशन में विशेष टीम गठित की गई. टीम ने मकान पर दबिश दी तो अंदर मौजूद तीन युवक मोबाइल और लैपटॉप के जरिए ऑनलाइन सट्टा संचालित करते मिले.

मौके से क्या-क्या जब्त किया गया?

जांच में सामने आया कि आरोपी ओस्कर ऑनलाइन सट्टा ऐप के माध्यम से अलग-अलग गेम और इवेंट्स पर लोगों से दांव लगवा रहे थे. पुलिस ने मौके से 7 मोबाइल फोन, एक लैपटॉप, वाई-फाई राउटर और 17,200 रुपए नकद बरामद किए. जब्त सामग्री की कुल कीमत करीब दो लाख रुपए आंकी गई.

तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान देव कुमार साहू (24), कुंदन दास मानिकपुरी उर्फ छोटू (23) और आकाश खाण्डेकर (23) के रूप में हुई है. तीनों मूल रूप से सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले के निवासी हैं और रायपुर में किराये के मकान में रहकर इस नेटवर्क का संचालन कर रहे थे.

ये भी पढ़ें: Raipur: फर्जी आर्मी ऑर्डर के नाम पर रायपुर के कारोबारी से बड़ी साइबर ठगी, ठगों ने लगाया लाखों रुपये का चूना

तीनों के खिलाफ मामला दर्ज, जांच शुरू

पुलिस ने तीनों के खिलाफ डीडी नगर थाना में अपराध क्रमांक 457/2026 के तहत छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम, 2022 की धारा 7 में मामला दर्ज किया है. अब जांच एजेंसियां आरोपियों के मोबाइल फोन, लैपटॉप और डिजिटल लेन-देन की पड़ताल कर रही हैं. पुलिस का मानना है कि पूछताछ में ऑनलाइन सट्टा नेटवर्क से जुड़े अन्य संचालकों, एजेंटों और आर्थिक लेन-देन की अहम कड़ियां सामने आ सकती हैं. इसी आधार पर इस पूरे नेटवर्क पर बड़ी कार्रवाई की तैयारी की जा रही है.

ज़रूर पढ़ें