Raipur Local News: बीरगांव में मतदाता सूची का गजब खेल, महापौर और सभापति को बताया महिला

Raipur Local News: रायपुर.  बीरगांव नगर निगम में आगामी नगरीय निकाय चुनाव से पहले निर्वाचन आयोग की वेबसाइट पर अपलोड मतदाता सूची में बड़ी गड़बड़ी सामने आई है. ऑनलाइन सूची में बड़ी संख्या में पुरुष मतदाताओं को महिला और महिला मतदाताओं को पुरुष दर्शा दिया गया है.
raipur-local-news-birgaon-municipal-corporation-voter-list-gender-error-mayor-nandlal-dewangan

Raipur Local News: रायपुर.  बीरगांव नगर निगम में आगामी नगरीय निकाय चुनाव से पहले निर्वाचन आयोग की वेबसाइट पर अपलोड मतदाता सूची में बड़ी गड़बड़ी सामने आई है. ऑनलाइन सूची में बड़ी संख्या में पुरुष मतदाताओं को महिला और महिला मतदाताओं को पुरुष दर्शा दिया गया है. हैरानी की बात यह है कि नगर निगम के वर्तमान महापौर नंदलाल देवांगन और सभापति कृपाराम निषाद का जेंडर भी महिला दर्ज है, जबकि पूर्व महापौर अंबिका यदु को पुरुष बताया गया है. इस गड़बड़ी के सामने आने के बाद निर्वाचन आयोग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठने लगे हैं. (Birgaon Municipal Corporation Voter List Error)

 वेबसाइट पर मतदाता सूची में हुई इस त्रुटि से कई मतदाताओं के नाम के साथ गलत लिंग दर्ज हो गया है. महापौर नंदलाल देवांगन के अलावा राजकुमार साहू और लखनलाल साहू सहित कई पुरुष मतदाताओं को महिला दर्शाया गया है. वहीं, पूर्व महापौर अंबिका यदु को पुरुष मतदाता के रूप में दर्ज किया गया है. सूची में इस तरह की गलतियां सामने आने के बाद मामला चर्चा का विषय बन गया है.

सॉफ्टवेयर की गड़बड़ी से बदला जेंडर

निर्वाचन आयोग के अधिकारियों के अनुसार, पोर्टल के सॉफ्टवेयर में तकनीकी गड़बड़ी के कारण मतदाता सूची में कई लोगों का जेंडर बदल गया है. हालांकि, मैन्युअल मतदाता सूची में सभी मतदाताओं का लिंग सही दर्ज होने का दावा किया जा रहा है. ऐसे में सवाल उठ रहा है कि जब मूल मतदाता सूची में जानकारी सही है, तो वेबसाइट पर अपलोड सूची में इतनी बड़ी संख्या में त्रुटियां कैसे हो गईं.

महापौर ने आयोग और निगम आयुक्त से की चर्चा

नगर निगम बीरगांव के महापौर नंदलाल देवांगन के मुताबिक वेबसाइट पर मतदाता सूची में जेंडर बदलने की जानकारी मिलने के बाद उन्होंने निर्वाचन आयोग और निगम आयुक्त से चर्चा की है. अधिकारियों को सॉफ्टवेयर में जल्द सुधार करने के निर्देश देने के लिए कहा गया है. महापौर के मुताबिक, निकाय के अधिकांश पुरुष मतदाताओं का जेंडर महिला और महिला मतदाताओं का पुरुष दर्ज हो गया है. उन्होंने बताया कि ऑनलाइन सूची में उनका स्वयं का जेंडर भी गलत दर्ज है. (Birgaon Municipal Corporation Voter List Error)

चुनाव से पहले ऑनलाइन सूची की विश्वसनीयता पर सवाल

नगरीय निकाय चुनाव से पहले मतदाता सूची में इस तरह की तकनीकी गड़बड़ी सामने आने से सूची की विश्वसनीयता पर सवाल खड़े हो गए हैं. हालांकि, मैन्युअल सूची में विवरण सही होने का दावा किया जा रहा है, लेकिन ऑनलाइन पोर्टल पर दर्ज गलत जानकारी को समय रहते दुरुस्त करना जरूरी है, ताकि मतदाताओं को किसी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े. अब देखना होगा कि निर्वाचन आयोग इस गड़बड़ी को कितनी जल्दी सुधारता है.

ये खबर भी जरूर पढ़ेंः CG Dhan Kharidi: छत्तीसगढ़ में 15 नवंबर से शुरू होगी धान की खरीदी, CM विष्णु देव साय ने किया बड़ा ऐलान

ज़रूर पढ़ें