परीक्षा में नकल के लिए ‘डबल अंडरगारमेंट’ वाला प्लान! सवालों की क्लिक कर रहा था फोटो, पुलिस ने किया गिरफ्तार
रायपुर: परीक्षा केंद्र में मोबाइल लेकर पहुंचा परीक्षार्थी, पुलिस ने किया गिरफ्तार
Raipur News: अक्सर आपने परीक्षा केंद्रों में नकल करने और कराने के किस्से सुने होंगे. अभ्यर्थी एग्जाम पास करने के लिए तरह-तरह की जुगत लगाते हैं. नकल करने के लिए कुछ परीक्षार्थी ब्लूटूथ डिवाइस लेकर जाते हैं तो कुछ मोबाइल फोन का इस्तेमाल करते हैं. छत्तीसगढ़ के रायपुर से एक ऐसा ही मामला सामने आया है. जहां एक अभ्यर्थी ने नकल करने के लिए ऐसा दिमाग लगाया कि आप भी सोचने पर मजबूर हो जाएंगे.
नकल के लिए ‘डबल अंडरगारमेंट’ वाला प्लान
दरअसल, राजधानी रायपुर के डीडी नगर थाना क्षेत्र स्थित IDZ सरोना परीक्षा केंद्र पर रेलवे भर्ती बोर्ड (RRB) का एग्जाम आयोजित किया जा रहा था. नागपुर में रहने वाला अफताब (28 साल) परीक्षा केंद्र में डबल अंडरगारमेंट के भीतर मोबाइल छिपाकर पहुंचा था. वह निरीक्षक की नजरों से बचकर कंप्यूटर स्क्रीन की फोटो क्लिक कर रहा था ताकि वह सवालों को मोबाइल पर इंटरनेट के जरिए खोज सके.
ये एग्जाम कम्प्यूटर आधारित (CBT) हो रहा था. परीक्षा केंद्र में तैनात निरीक्षक को उसकी हरकतें संदिग्ध लगीं. इसके बाद उसकी विशेष निगरानी की गई. वह बार-बार नीचे की तरफ देख रहा था. जानकारी के मुताबिक उसकी जांच की गई तो उसके पास से मोबाइल मिला. सबसे चौंकाने वाली बात ये थी कि वह मोबाइल को छिपाने के लिए दो अंडरगारमेंट पहनकर आया था.
ये भी पढ़ें: CG Monsoon Session: छत्तीसगढ़ विधानसभा के चौथे दिन 3 विधेयक पारित, ईज ऑफ डूइंग बिजनेस बिल भी शामिल
पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार
परीक्षा केंद्र के जिम्मेदारी अधिकारियों ने इसकी जानकारी पुलिस को दी. पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी को परीक्षा कक्ष में अनुचित माध्यमों का इस्तेमाल करने के लिए गिरफ्तार कर लिया. आरोपी अभ्यर्थी पर लोक परीक्षा (अनुचित साधनों का निवारण) अधिनियम 2024 और दूसरी धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है. इस बारे में भी जांच की जा रही है कि आरोपी किसी गिरोह का हिस्सा तो नहीं था. मोबाइल को जब्त कर लिया गया है. फॉरेंसिक जांच के लिए भेज दिया गया है.