उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन 2 सितंबर को आएंगे छत्तीसगढ़, एम्स रायपुर के दीक्षांत समारोह में होंगे शामिल

पराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन 2 सितंबर को छत्तीसगढ़ के दौरे पर आएंगे. वे रायपुर स्थित अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) के दीक्षांत समारोह में शामिल होंगे.
CP Radhakrishnan

सीपी राधाकृष्णन

रायपुर. उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन 2 सितंबर को छत्तीसगढ़ के दौरे पर आएंगे. वे रायपुर स्थित अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) के दीक्षांत समारोह में शामिल होंगे. उपराष्ट्रपति के प्रस्तावित दौरे को लेकर मुख्य सचिव विकास शील ने बुधवार को मंत्रालय में वरिष्ठ अधिकारियों की बैठक लेकर तैयारियों की समीक्षा की.

मुख्य सचिव ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि उपराष्ट्रपति के प्रवास से जुड़ी सभी व्यवस्थाएं मिनट-टू-मिनट कार्यक्रम और निर्धारित प्रोटोकॉल के अनुरूप पूरी की जाएं. उन्होंने एयरपोर्ट से एम्स तक आवागमन के दौरान सुरक्षा, यातायात व्यवस्था तथा प्रवेश और निकासी की कार्ययोजना को बेहतर तरीके से तैयार करने के निर्देश दिए.

एयरपोर्ट और एम्स में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम

उपराष्ट्रपति के दौरे के दौरान एयरपोर्ट और कार्यक्रम स्थल पर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित करने को कहा गया है. रायपुर कलेक्टर को एयरपोर्ट पर स्वागत, रिसेप्शन लाइन और एम्स में रिसेप्शन सहित प्रोटोकॉल से संबंधित व्यवस्थाओं की जिम्मेदारी सौंपी गई है.

मुख्य सचिव ने सुरक्षा व्यवस्था के लिए गृह विभाग को आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए. साथ ही संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ काम करने और कार्यक्रम स्थल पर सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय पर पूरी करने को कहा गया.

मेडिकल इमरजेंसी के लिए भी रहेगी व्यवस्था

उपराष्ट्रपति के प्रवास के दौरान चिकित्सा सुविधाओं और आकस्मिक चिकित्सा सहायता की पर्याप्त व्यवस्था रखने के निर्देश दिए गए हैं. इसके अलावा ठहरने की व्यवस्था, प्रकाश एवं विद्युत व्यवस्था सहित अन्य जरूरी इंतजामों की भी समीक्षा की गई. मुख्य सचिव ने अधिकारियों से कहा कि दौरे से जुड़ी सभी तैयारियां निर्धारित समय-सीमा में पूरी कर ली जाएं, ताकि उपराष्ट्रपति के रायपुर प्रवास के दौरान किसी तरह की अव्यवस्था न हो.

ये खबर भी जरूर पढ़ेंः रायपुर के 52 व्यापारियों पर नगर निगम ने लगाया जुर्माना, आप भी न करें ये गलती

ज़रूर पढ़ें