दिवाली के दिन अंबिकापुर में मनाया गया कुकुर तिहार, कुत्तों की पूजा-अर्चना की गई
अंबिकापुर कुकुर तिहार
Ambikapur Kukur News: दीपावली के पर्व पर जहां लोग अपने घरों में खुशियां मना रहे थे, वहीं अंबिकापुर जिले में बेजुबान डॉग शेल्टर में भी कुकुर तिहार का पर्व खास अंदाज में मनाया गया. यहां शेल्टर में रहने वाले बेजुबान डॉग्स की पूजा-अर्चना की गई, उन्हें तिलक लगाया गया, फूलों की माला पहनाई गई और विशेष भोजन कराया गया. इस आयोजन के जरिए पशुओं के प्रति प्रेम, दया और संवेदनशीलता का संदेश दिया गया.
अंबिकापुर में मनाया गया कुकुर तिहार
अंबिकापुर के बेजुबान डॉग शेल्टर में कुकुर तिहार का पर्व बड़े ही प्रेम और उत्साह के साथ मनाया गया. इस दौरान शेल्टर में रहने वाले सभी डॉग्स की पूजा-अर्चना कर हवन किया गया. बेजुबानों को तिलक लगाया गया, फूलों की माला पहनाई गई और उनके लिए विशेष भोजन की व्यवस्था की गई.
दरअसल, बेजुबान डॉग शेल्टर में कई ऐसे डॉग्स रहते हैं, जो सड़क दुर्घटनाओं में घायल हुए हैं या फिर बीमार और बेसहारा हालत में यहां लाए गए हैं. शेल्टर की टीम इनकी देखभाल और उपचार करती है. कुकुर तिहार के मौके पर सभी बेजुबानों के बेहतर स्वास्थ्य और सुखी जीवन की कामना की गई.
परिवार का हिस्सा है जानवर- संस्थापक
शेल्टर के संस्थापक सुधांशु शर्मा का कहना है कि ये बेजुबान उनके लिए सिर्फ जानवर नहीं, बल्कि परिवार का हिस्सा हैं. उन्होंने लोगों से अपील की कि दीपावली के दौरान पटाखों और तेज आवाजों से पशुओं को परेशान न करें. बेजुबानों पर पत्थर न फेंकें और न ही उनके साथ मारपीट करें.
इसके साथ ही शेल्टर की टीम ने लोगों से एक खास अपील भी की है. यदि कहीं कोई पशु सड़क दुर्घटना में घायल, बीमार या असहाय अवस्था में दिखाई देता है, तो उसकी अनदेखी करने के बजाय मदद के लिए आगे आएं और तत्काल शेल्टर को सूचना दें, ताकि समय रहते उसका रेस्क्यू और उपचार किया जा सके.



