अंबिकापुर में आवारा मवेशी छोड़ने वालों पर होगी कार्रवाई, मेयर इन काउंसिल की बैठक में लिया फैसला
अंबिकापुर: मेयर इन काउंसिल की बैठक में लिए गए कई महत्वपूर्ण फैसले
Ambikapur News: अंबिकापुर नगर निगम की मेयर इन काउंसिल (MIC) की बैठक में शहर की दो प्रमुख समस्याओं, आवारा मवेशियों और सार्वजनिक स्थानों पर कचरा फेंकने को लेकर अहम निर्णय लिए गए. महापौर मंजूषा भगत ने स्पष्ट कहा कि शहर की सड़कों पर आवारा मवेशियों की बढ़ती संख्या को रोकने के लिए अब सख्ती की जाएगी. वहीं, कचरा फैलाने वालों पर नजर रखने के लिए प्रमुख स्थानों पर CCTV कैमरे लगाए जाएंगे.
लोगों से की गई अपील
महापौर मंजूषा भगत ने कहा कि शहर में बड़ी संख्या में ऐसे मवेशी घूम रहे हैं, जिन्हें कुछ लोग अंतिम संस्कार के बाद दान में मिलने के बावजूद सड़कों पर छोड़ देते हैं. उन्होंने अपील की कि दान में गाय या बैल प्राप्त करने वाले लोग उन्हें बेसहारा न छोड़ें. यदि कोई व्यक्ति जानबूझकर मवेशियों को सड़क पर छोड़ता पाया गया तो उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी.
उन्होंने बताया कि नगर निगम निजी संस्थाओं के सहयोग से शहर की सड़कों को आवारा मवेशियों से मुक्त कराने की योजना पर काम कर रहा है. पकड़े गए मवेशियों को गांव के जरूरतमंद किसानों को निःशुल्क उपलब्ध कराया जाएगा, ताकि उनका संरक्षण भी हो सके और शहर में यातायात बाधित होने की समस्या भी कम हो.
ये भी पढ़ें: महतारी वंदन योजना की KYC में फर्जीवाड़ा, 113 महिलाओं के नाम पर निकाली 980 बोरी खाद
सीसीटीवी से की जाएगी निगरानी
शहर में सार्वजनिक स्थानों पर कचरा फेंकने की समस्या से निपटने के लिए भी निगम ने सख्त कदम उठाने का फैसला किया है. महापौर ने बताया कि शहर के प्रमुख स्थानों पर CCTV कैमरे लगाए जाएंगे, जिनकी मदद से कचरा फेंकने वालों की पहचान कर उनके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी.
महापौर ने कहा कि नगर निगम का उद्देश्य अंबिकापुर को स्वच्छ, व्यवस्थित और सुरक्षित शहर बनाए रखना है. इसके लिए नागरिकों के सहयोग के साथ-साथ नियमों का उल्लंघन करने वालों पर सख्ती भी की जाएगी.