Ambikapur News: निजी स्कूल की शिक्षिका ने छात्र से नोटबुक में 100 बार लिखवाईं अश्लील गालियां, जांच शुरू
बिरला ओपन माइंड्स स्कूल
Ambikapur News: सरगुजा जिले के अंबिकापुर स्थित एक निजी स्कूल में छात्र को दी गई कथित सजा का मामला सामने आने के बाद विवाद खड़ा हो गया है. आरोप है कि स्कूल की एक शिक्षिका ने दो छात्रों के बीच हुए विवाद के बाद दंड स्वरूप एक छात्र से उसकी नोटबुक में कई पन्नों पर अश्लील गालियां 100-100 बार लिखवाईं. मामला सामने आने के बाद अभिभावकों, छात्र संगठनों और शिक्षा विभाग ने इसे गंभीरता से लिया है.
नोटबुक में कई पन्नों पर लिखवाई गईं गालियां
जानकारी के अनुसार, अंबिकापुर के बिरला ओपन माइंड इंटरनेशनल स्कूल में दो छात्रों के बीच विवाद हुआ था. आरोप है कि इसके बाद संबंधित शिक्षिका ने छात्र को दंड देने के लिए नोटबुक में कई पन्नों पर अश्लील और आपत्तिजनक गालियां बार-बार लिखने का निर्देश दिया. छात्र की नोटबुक सामने आने के बाद मामला चर्चा का विषय बन गया.
अभिभावकों ने की कार्रवाई की मांग
घटना से नाराज छात्र के अभिभावकों ने स्कूल प्रबंधन और संबंधित शिक्षिका के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है. उनका कहना है कि बच्चों को अनुशासन सिखाने के नाम पर इस तरह की सजा देना न केवल अनुचित है, बल्कि उनके मानसिक विकास पर भी प्रतिकूल प्रभाव डाल सकता है.
छात्र संगठनों ने जताया विरोध
मामले को लेकर छात्र संगठनों ने भी विरोध दर्ज कराया है. छात्र नेता रोहणी मिश्रा ने घटना की निंदा करते हुए कहा कि यदि आरोप सही पाए जाते हैं तो संबंधित शिक्षिका और स्कूल प्रबंधन के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जानी चाहिए, ताकि भविष्य में इस प्रकार की घटनाएं दोबारा न हों.
शिक्षा विभाग ने शुरू की जांच
सरगुजा के जिला शिक्षा अधिकारी दिनेश कुमार झा ने बताया कि मामले को गंभीरता से लिया गया है. उन्होंने कहा कि विभाग के उप संचालक को जांच के निर्देश दिए गए हैं और जांच रिपोर्ट के आधार पर नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी. फिलहाल शिक्षा विभाग पूरे मामले की जांच कर रहा है. जांच रिपोर्ट आने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि आरोप किस हद तक सही हैं और संबंधित पक्षों पर क्या कार्रवाई की जाएगी.