Balrampur: शिक्षक की हत्या के बाद बलरामपुर में तनाव, गुस्साए परिजनों ने आरोपियों के घर में लगाई आग
गुस्साए परिजनों ने आरोपियों के घर में लगाई आग
Balrampur: बलरामपुर जिले के त्रिकूंडा थाना क्षेत्र के घमनी (धमनी) गांव में शिक्षक की हत्या के बाद तनावपूर्ण स्थिति बन गई है. घटना से आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों ने आरोपियों के घर में आग लगा दी. सूचना मिलते ही भारी संख्या में पुलिस बल मौके पर पहुंच गया और स्थिति को नियंत्रण में लेने में जुटा है. वहीं, दमकल विभाग की टीम आग पर काबू पाने का प्रयास कर रही है. फिलहाल गांव में तनाव का माहौल है और पुलिस पूरे क्षेत्र में निगरानी बनाए हुए है। मामले में आगे की कार्रवाई जारी है.
शिक्षक की हत्या के बाद बलरामपुर में तनाव
ये पूरा मामला, बलरामपुर-रामानुजगंज जिले के त्रिकुंडा थाना क्षेत्र के ग्राम राधानगर का है. जहां जमीन विवाद के चलते 2 चचेरे भाइयों ने शिक्षक की चाकू से गला रेत कर हत्या कर दी. उस पर हथौड़े से भी हमला किया गया. इसके पहले शिक्षक और चचेरे भाइयों के विवाद को लेकर रविवार को गांव में मीटिंग भी हुई थी. जिसमें आरोप लगाया है कि, बंटवारा होने के बाद भी टीचर जमीन पर खेती नहीं करने दे रहा था. नापने भी नहीं दे रहा था. जिससे वो परेशान हो गए थे.
चाकू और हथौड़े से किया वार
जानकारी के अनुसार, शिक्षक जयकरन जगते सोमवार सुबह करीब 9:30 बजे बाइक से अपने घर से करीब आधा किलोमीटर दूर स्थित स्कूल जा रहे थे. रास्ते में सड़क किनारे, जहां अक्सर मवेशी बैठते हैं, वहां पहले से घात लगाए बैठे उनके रिश्तेदार बृजमोहन और हरिमोहन ने अचानक उन पर हमला कर दिया. आरोपियों ने शिक्षक पर चाकू और हथौड़े से ताबड़तोड़ वार किए. हमले में जयकरन जगते की गर्दन पर गंभीर चोटें आईं और वे लहूलुहान होकर मौके पर ही गिर पड़े. गंभीर चोटों के कारण उनकी घटना स्थल पर ही मौत हो गई.
ये भी पढ़ें- Bilaspur: NH-49 पर चार घंटे चक्काजाम करने के मामले में पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 5 नामजद समेत कई ग्रामीणों पर FIR