कोरिया: रेत के काले कारोबार ने ले ली BJP नेता और ठेकेदार जान, कार के भीतर पेट्रोल छिड़ककर जिंदा जलाया, बैकुंठपुर में धारा 163 लागू
जली हुई फॉर्च्यूनर कार
छत्तीसगढ़ के कोरिया जिले में रेत के काले कारोबार ने एक ठेकेदार और भाजपा के नेता लल्ला सिंह की जान ले ली. भाजपा नेता भारत सिंह उर्फ लल्ला सिंह की फॉर्च्यूनर कार में पेट्रोल डालकर उन्हें जिंदा जला दिया गया. कार के भीतर ही उनकी मौत हो गई. दूसरी तरफ इस पूरे घटना में घायल वीरेंद्र सिंह की अस्पताल मे मौत हुई. तीन लोगों को अंबिकापुर के निजी अस्पताल में इलाज के बाद रायपुर के निजी अस्पताल में रेफर कर दिया गया है.
पुलिस ने इस पूरे मामले में नौ लोगों के खिलाफ अपराध दर्ज किया है. चार लोगों को हिरासत में ले लिया है. हालांकि पुलिस ने अभी तक इस पूरे मामले को लेकर खुलासा नहीं किया है और पुलिस खामोशी के साथ जांच कर रही है.
गांव से कुछ दूर था रेत खदान
कोरिया जिले के जिला मुख्यालय बैकुंठपुर के महलपारा निवासी भारत सिंह उर्फ लल्ला सिंह का गांव बैकुंठपुर से 13 किलोमीटर दूर है और गांव में ही उनके द्वारा गिट्टी क्रेशर संचालित किया जाता था वहीं उन्होंने गांव से कुछ दूर रेत खदान लीज में लिया हुआ था. इसके साथ ही भाजपा के नेता भी थे. बताया गया है कि 16 जून यानी मंगलवार को लल्ला सिंह के गुट के लोगों का विवाद त्रिपाठी परिवार के लोगों से हुआ. लेकिन पहले से दोनों ही गुट मे ठेकेदारी और रेत के धंधे को लेकर लड़ाई होता रहता था.
इस बार मंगलवार की सुबह रेत को लेकर विवाद हुआ था, लल्ला सिंह का कहना था की रेत घाट का ठेका मेरे पास है तो अवैध तरीके से रेत का खनन नहीं होगा. इसी को लेकर विवाद बढ़ा. इसके बाद दोनों गुट के लोग सोनहत थाना पहुंचे और इसके बाद वापस आ गए लेकिन पुलिस को इनके बढ़ते विवाद के बारे मे पता चला तो पुलिस दोपहर मे लल्ला के क्रेशर मे पहुंची और इसके बाद वापस थाने लौट गई.
टीपर वाहन ने मारी जोरदार टक्कर
इसके बाद दोनों पक्षो मे समझौता की खबर सामने आई और बताया जा रहा है कि रात मे दोनों गुट के लोगों के बीच नशे में विवाद बढ़ा और समझौता के लिए लल्ला सिंह, त्रिपाठी परिवार के लोगों के घर के पास दो कार में अपने साथियों और समर्थकों के साथ पहुंचे तो वहां विवाद शुरू हो गया. बताया जाता है कि उसी दौरान एक टीपर वाहन ने उनकी कार को सामने से जोरदार टक्कर मारा और विवाद बढ़ा इसी बीच टक्कर की वजह से कार के सभी गेट लॉक हो गए.
इसके बाद त्रिपाठी गैंग ने कार को आग के हवाले कर दिया, लाक होने की वजह से वे बाहर नहीं निकल पाए, इससे लल्ला की कार के भीतर मौत हुई तो उनके साथ कार में बैठे उनके भाई सतेंद्र सिंह झूलस गए. जिनका इलाज रायपुर मे चल रहा है, उन्हें अंबिकापुर से रेफर किया गया. इसी तरह लल्ला सिंह के साथ दूसरी कार भी थी जिसमें मयंक कुमार सिंह, योगेंद्र सिंह और वीरेंद्र सिंह थे. जिनके साथ धारदार हथियार से मारपीट की गई. इनमें से वीरेंद्र सिंह की अंबिकापुर के निजी अस्पताल मे मौत हुई.
बैकुंठपुर में धारा 163 के तहत प्रतिबंधात्मक आदेश जारी
कटगोड़ी हत्याकांड के बाद जिला प्रशासन ने एहतियातन बड़ा कदम उठाया है. कलेक्टर एवं जिला दंडाधिकारी रोक्तिमा यादव ने मृतक भरत सिंह के दशगात्र कार्यक्रम को देखते हुए बैकुंठपुर में धारा 163 के तहत प्रतिबंधात्मक आदेश जारी किया है.
आदेश के अनुसार कार्यक्रम स्थल के 300 मीटर दायरे में किसी भी प्रकार के हथियार, विस्फोटक सामग्री और भड़काऊ पोस्टर-बैनर पर प्रतिबंध रहेगा. प्रशासन ने शांति व्यवस्था बनाए रखने की अपील की है. गौरतलब है कि कटगोड़ी हत्याकांड को लेकर परिजनों और समाज में आक्रोश बना हुआ है, वहीं पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है.
ये भी पढ़ेंः ‘IAS का सपना रह गया अधूरा, भगवान ऐसी पत्नी…’, 5 पन्नों का सुसाइड नोट लिखकर दी जान, UPSC की तैयारी कर रहा था युवक