सिस्टम ने ली जान! मनेंद्रगढ़ में 6 घंटे तक एंबुलेंस के लिए तड़पती रही महिला, स्वास्थ्य मंत्री दिए जांच के आदेश
सिविल अस्पताल
Chhattisgarh Health System Failure News: छत्तीसगढ़ के मनेंद्रगढ़ जिला मुख्यालय में स्थित 220 बिस्तरों वाले सिविल अस्पताल से लापरवाही का मामला सामने आया है. यहां हार्ट अटैक से पीड़ित महिला को समय पर एंबुलेंस नहीं मिलने का मामला सामने आया है. इसे लेकर परिजनों ने आरोप लगाया है.
मरीज को नहीं मिली समय पर 108 एंबुलेंस
जानकारी के मुताबिक, नई लेदरी की रहने वाली 60 साल की श्यामा बाई को हार्ट अटैक आने के बाद शाम करीब 6 बजे जिला मुख्यालय के 220-बिस्तर वाले सिविल अस्पताल लाया गया था. उनकी गंभीर हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें प्राथमिक उपचार दिया और तुरंत रायपुर के भीमराव अंबेडकर अस्पताल (मेकाहारा) रेफर कर दिया.
परिजनों ने लगाए आरोप
उनके परिवार का आरोप है कि रेफरल के बाद उन्होंने अस्पताल प्रशासन से तुरंत 108 संजीवनी एक्सप्रेस एम्बुलेंस उपलब्ध कराने का अनुरोध किया, लेकिन घंटों की गुहार के बावजूद गाड़ी समय पर नहीं पहुंची. आखिरकार छह घंटे के बेहद मुश्किल इंतजार के बाद आधी रात को एम्बुलेंस अस्पताल पहुंची. हालांकि तब तक बहुत देर हो चुकी थी. एम्बुलेंस में शिफ्ट किए जाते ही श्यामा बाई की मौत हो गई.
स्वास्थ्य मंत्री ने दिए जांच के आदेश
इस दर्दनाक मौत से नाराज होकर परिवार वालों ने शव को एम्बुलेंस में ही रखा और अस्पताल परिसर में जबरदस्त हंगामा किया. मामला बढ़ने पर राज्य के स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने घटना का गंभीरता से संज्ञान लिया. उन्होंने तुरंत पूरे मामले की रिपोर्ट लेने के लिए तीन सदस्यीय जांच टीम गठित की और साफ कर दिया कि दोषियों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा.
ये भी पढ़ें- Rajnandgaon: 25 साल से सड़क का इंतजार, अब खुद चंदा जुटाकर राह बना रहे मोहला के ग्रामीण, सिस्टम ने नहीं दिया ध्यान