CG News: बारिश में बढ़ा सांपों का खतरा, सर्प मित्र अमरदीप गुप्ता बिना पैसे लिए कर रहे सैकड़ों सांपों का सुरक्षित रेस्क्यू

CG News: अमरदीप गुप्ता की खास बात यह है कि वे सांपों का रेस्क्यू पूरी तरह फ्री ऑफ कॉस्ट करते हैं. लोगों से इसके बदले किसी तरह की फीस या पैसे नहीं लेते. चाहे दिन हो या रात, सूचना मिलने पर अपनी सुविधा के अनुसार मौके पर पहुंचकर लोगों की मदद करते हैं. अमरदीप का कहना है कि सांप दिखाई देने पर उसे मार देना समाधान नहीं है
CG News

सीजी न्यूज/ इमेज सोर्स-विस्तार न्यूज इनपुट

रिपोर्ट-मदन तिवारी

CG News: जनकपुर: बारिश का मौसम आते ही रिहायशी इलाकों में सांपों की मौजूदगी बढ़ जाती है. सांप दिखाई देते ही जहां लोगों में डर का माहौल बन जाता है, वहीं मनेन्द्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर के अमरदीप गुप्ता ऐसे शख्स हैं, जो वर्षों से सांपों का सुरक्षित रेस्क्यू कर लोगों की मदद कर रहे हैं.

जनकपुर और आसपास के क्षेत्र में अमरदीप गुप्ता को लोग ‘सर्प मित्र’ के नाम से जानते हैं. वे अब तक सैकड़ों सांपों का रेस्क्यू कर चुके हैं, जिनमें जहरीले सांप भी शामिल है. सूचना मिलते ही वे मौके पर पहुंचते हैं और विशेष रेस्क्यू उपकरणों की मदद से सांप को सुरक्षित पकड़कर लोगों को संभावित खतरे से बचाते हैं.

बिना पैसे लिए करते हैं रेस्क्यू

अमरदीप गुप्ता की खास बात यह है कि वे सांपों का रेस्क्यू पूरी तरह फ्री ऑफ कॉस्ट करते हैं. लोगों से इसके बदले किसी तरह की फीस या पैसे नहीं लेते. चाहे दिन हो या रात, सूचना मिलने पर अपनी सुविधा के अनुसार मौके पर पहुंचकर लोगों की मदद करते हैं. अमरदीप का कहना है कि सांप दिखाई देने पर उसे मार देना समाधान नहीं है. सांप प्रकृति और पर्यावरण के लिए महत्वपूर्ण हैं. इसलिए उनका प्रयास रहता है कि लोगों को सुरक्षित रखने के साथ सांप की जान भी बचाई जाए। रेस्क्यू के बाद सांप को सुरक्षित प्राकृतिक वातावरण में छोड़ने का प्रयास किया जाता है.

शासन-प्रशासन से आज तक नहीं मिली मदद

लोगों की जान और वन्यजीवों को बचाने के लिए लगातार नि:शुल्क काम करने के बावजूद अमरदीप गुप्ता का कहना है कि शासन-प्रशासन की ओर से उन्हें अब तक किसी तरह की आर्थिक या संसाधन संबंधी मदद नहीं मिली है. सांपों के रेस्क्यू के लिए जरूरी उपकरण, आने-जाने का खर्च और अन्य व्यवस्थाएं उन्हें स्वयं ही करनी पड़ती हैं. ऐसे में लगातार नि:शुल्क सेवा देना उनके लिए चुनौती भी है.

स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मदद की मांग की

अमरदीप गुप्ता के इस कार्य की सराहना करते हुए स्थानीय लोगों का कहना है कि जिस तरह वे बिना किसी शुल्क के लोगों की मदद कर रहे हैं और सांपों की जान बचा रहे हैं, उसे देखते हुए प्रशासन की ओर से उन्हें आवश्यक रेस्क्यू उपकरण, सुरक्षा सामग्री और उचित सहयोग मिलना चाहिए. लोगों का कहना है कि यदि ऐसे सर्प मित्रों को प्रशासनिक स्तर पर सहयोग और संसाधन उपलब्ध कराए जाएं तो वन्यजीवों के रेस्क्यू के साथ-साथ मानव सुरक्षा में भी बड़ी मदद मिल सकती है.

अमरदीप गुप्ता लोगों से अपील करते हैं कि घर, खेत या रिहायशी इलाके में सांप दिखाई देने पर उसे छेड़ें नहीं और खुद पकड़ने की कोशिश भी न करें। सुरक्षित दूरी बनाएं और प्रशिक्षित सर्प मित्र या वन विभाग को सूचना दें.

ये भी पढे़ं- Ujjain: महाकाल के दरबार में उमड़ा आस्था का सैलाब, सावन में पहली बार पहुंचे डेढ़ करोड़ श्रद्धालु

ज़रूर पढ़ें