Delhi Election Result 2025: अगर साथ होते AAP-कांग्रेस तो इन 14 सीटों पर BJP की राह हो जाती मुश्किल! बेहद कम है जीत का अंतर
दिल्ली विधानसभा चुनाव रिजल्ट 2025
Delhi Election Results 2025: दिल्ली विधानसभा चुनाव (Delhi Election 2025) के नतीजे लगभग तय हो गए हैं. 48 सीटों पर जीत हासिल करने के साथ 27 साल बाद BJP राजधानी की सत्ता संभालने वाली है. इस चुनाव में 10 साल से काबिज AAP (आम आदमी पार्टी) सिर्फ 22 सीटों पर दम दिखा पाई. लोकसभा चुनाव 2024 के नतीजे सामने आने के बाद AAP और कांग्रेस अलग-अलग हो गए थे. लेकिन दिल्ली विधानसभा चुनाव के नतीजे के आंकड़ों पर नजर डालें तो जीत के अंतर से साफ हो रहा है कि अगर आम आदमी पार्टी और कांग्रेस साथ में यह चुनाव लड़ते तो 14 सीटों पर BJP के लिए मुश्किलें खड़ी हो सकती थी.
BJP के लिए हो सकती थी मुश्किल!
लोकसभा चुनाव 2024 में AAP और कांग्रेस के गठबंधन को दिल्ली की सात सीटों में से एक भी सीट नहीं मिली थी. इस नतीजे के बाद AAP के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने दिल्ली विधानसभा चुनाव में कांग्रेस के साथ गठबंधन से इनकार कर दिया था. गठबंधन तोड़ने का असर अब इस चुनाव में नजर आया है. दिल्ली की 14 विधानसभा सीट ऐसी हैं, जहां BJP और AAP प्रत्याशी के बीच जीत का अंतर काफी कम रहा.
सीट | BJP प्रत्याशी को मिले वोट | AAP प्रत्याशी को मिले वोट | जीत का अंतर | कांग्रेस प्रत्याशी को मिले वोट |
संगम विहार | 54049 | 53705 | 344 | 15863 |
त्रिलोकपुरी | 58217 | 57825 | 392 | 6147 |
जंगपुरा | 38859 | 38184 | 675 | 7350 |
तिमारपुर | 55941 | 54773 | 1168 | 8361 |
राजेंद्र नगर | 46671 | 45440 | 1231 | 4015 |
मालवीय नगर | 39564 | 37433 | 2131 | 6770 |
ग्रेटर कैलाश | 49594 | 46406 | 3188 | 6711 |
नई दिल्ली | 30088 | 25999 | 4089 | 4568 |
छतरपुर | 80469 | 74230 | 6239 | 6601 |
महरौली | 48349 | 46567 | 1782 | 9731 |
मादीपुर | 52019 | 41120 | 10899 | 17958 |
बादली | 61192 | 46029 | 15163 | 41071 |
कस्तूरबा नगर | 38067 | 27019 | 11048 | 18617 |
नंगलोई जाट | 75272 | 49021 | 26251 | 32028 |
AAP के मंत्रियों को BJP ने दी पटखनी
दिल्ली विधानसभा चुनाव में दिल्ली के पूर्व CM अरविंद केजरीवाल हार गए. उनके साथ-साथ उनकी कैबिनेट में मंत्री रहे पूर्व डिप्टी सीएम मनीष सिसोदिया और सत्येंद्र जैन भी चुनाव हार गए. इसके अलावा ग्रेटर कैलाश सीट से सौरभ भारद्वाज भी हार गए. हालांकि, CM आतिशी, पूर्व मंत्री गोपाल राय, इमरान हुसैन और मुकेश अहलावत ने अपनी-अपनी सीट जीती और पार्टी की लाज बचाई.
दिल्ली विधानसभा चुनाव 2025
दिल्ली की 70 विधानसभा सीट के लिए 5 फरवरी को वोटिंग हुई थी. इस चुनाव के लिए 60.54% वोटिंग हुई. राजधानी में 94 लाख 51 हजार 997 लोगों ने वोट डाले. इनमें 50.42 लाख पुरुष और 44.08 लाख महिलाएं, जबकि 403 थर्ड-जेंडर ने वोटर्स शामिल हैं.