‘ये हादसा नहीं, हत्या है’, दिल्ली के जनकपुरी में गड्ढे में गिरने से हुई मौत पर केजरीवाल ने सरकार पर साधा निशाना
दिल्ली के जनकपुरी में हादसे पर अरविंद केजरीवाल ने सरकार पर निशाना साधा.
Kejriwal on Janakpuri Incident: दिल्ली के जनकपुरी में गड्ढे में गिरने से हुई बाइक सवार की मौत के मामले पर सियासी बयानबाजी शुरू हो गई है. मौत पर आम आदमी पार्टी के सुप्रीमो अरविंद केजरीवाल ने सरकार पर निशाना साधा है. आप के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि ये हादसा नहीं बल्कि हत्या है.
‘नोएडा की घटना से BJP ने कोई सबक नहीं लिया’
आप के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने दिल्ली की जनकपुरी घटना को लेकर सरकार पर सवाल उठाए हैं. अरविंद केजरीवाल ने कहा, ‘केजरीवाल ने ट्वीट करते हुए लिखा, ‘ये हादसा नहीं, बल्कि हत्या है. नोएडा की घटना से भी बीजेपी ने कुछ नहीं सीखा. घोर लापरवाही और गैर-जिम्मेदार रवैया अब बीजेपी सरकारों की पहचान बन चुका है, जिसका खामियाजा आम जनता भुगत रही है. ईश्वर उस परिवार को शक्ति दें, जिसने सरकार की लापरवाही की वजह से अपना बच्चा खो दिया.’
ये हादसा नहीं, बल्कि हत्या है।
— Arvind Kejriwal (@ArvindKejriwal) February 6, 2026
नोएडा की घटना से भी बीजेपी ने कुछ नहीं सीखा। घोर लापरवाही और गैर-जिम्मेदार रवैया अब बीजेपी सरकारों की पहचान बन चुका है, जिसका खामियाज़ा आम जनता भुगत रही है।
ईश्वर उस परिवार को शक्ति दें, जिसने सरकार की लापरवाही की वजह से अपना बच्चा खो दिया। https://t.co/6aQv4KKtYy
सरकार ने 3 अधिकारियों को सस्पेंड किया गया
दिल्ली के जनकपुरी में गड्ढे में गिरने से हुई मौत के मामले में सरकार ने 3 अधिकारियों को सस्पेंड कर दिया है. इनमें एग्जीक्यूटिव इंजीनियर, असिस्टेंट इंजीनियर और जूनियर इंजीनियर शामिल हैं. दिल्ली सरकार की तरफ से मृतक के परिजनों को आर्थिक सहायता देने का भी ऐलान किया है. साथ ही सरकार का कहना है कि दिल्ली जल बोर्ड ने जिम्मेदारी तय करने के लिए एक हाई-लेवल जांच कमेटी बनाई है. सरकार का कहना है कि लापरवाही करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा.
रातभर गड्ढे में पड़ा रहा युवक
दिल्ली के जनकपुरी इलाके में शुक्रवार सुबह गड्ढे में गिरकर एक युवक की मौत हो गई. बताया जा रहा है कि गड्ढे में गिरने के बाद युवक रातभर गड्ढे में ही पड़ा रहा. राहगीरों ने सुबह शव को देखा तो पुलिस को इसकी सूचना दी. जिसके बाद मौके पर पहुंचकर पुलिस ने शव को बाहर निकाला. बता दें कि जनकपुरी में दिल्ली जल बोर्ड की तरफ से निर्माण कार्य के लिए गड्ढा खोदा गया था, जिसमें गिरने से युवक की मौत हो गई.
ये भी पढ़ें: पाकिस्तान में जुमे की नमाज के दौरान शिया मस्जिद में बड़ा धमाका; आत्मघाती हमले में 31 की मौत, 150 से ज्यादा घायल