अटल बिहारी से लेकर नितिन नबीन तक… कौन-किस उम्र में बना बीजेपी का राष्ट्रीय अध्यक्ष? देखें लिस्ट
भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष लिस्ट.
BJP President List: बिहार के रहने वाले नितिन नबीन आज मंगलवार, 20 जनवरी 2026 को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नए राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने जा रहे हैं. सोमवार को नामांकन प्रक्रिया पूरी कर ली गई है. जिसमें उनका निर्विरोध चुना जाना तय है. आज मंगलवार को उनके नाम पर आधिकारिक रूप से मुहर लगेगी और ताजपोशी होगी. नितिन नबीन मात्र 45 साल की उम्र में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष बन गए हैं, जो सबसे कम उम्र के राष्ट्रीय अध्यक्ष हैं. भाजपा पार्टी के गठन को 45 साल पूरे हो गए हैं. अटल बिहारी वाजपेयी से लेकर नितिन नबीन तक कौन-किस उम्र में राष्ट्रीय अध्यक्ष बना, यहां जानें.
भाजपा के गठन के बाद पहला राष्ट्रीय अध्यक्ष अटल बिहारी वाजपेयी को बनाया गया था. उन्होंने 1980 से 1986 तक का कार्यकाल संभाला. अटल बिहारी 55 साल की उम्र में राष्ट्रीय अध्यक्ष बने थे. वाजपेयी के बाद अगले अध्यक्ष लालकृष्ण आडवाणी बने, जो पहली बार 58 साल की उम्र में पदभार संभाला. आडवाणी भाजपा में 3 बार अध्यक्ष पद की जिम्मेदारी संभाली. उनका पहला कार्यकाल 1986 से लेकर 1991 तक रहा. दूसरा 1993 से 1998 और तीसरी बार 2004 से 2005 तक.
75 साल की उम्र में अध्यक्ष बने कुशाभाऊ ठाकरे
- मुरली मनोहर जोशी भाजपा के तीसरे राष्ट्रीय अध्यक्ष बने, जिनका कार्यकाल 1991 से 1993 के बीच रहा. जब मुरली मनोहर जोशी राष्ट्रीय अध्यक्ष बने, तो उनकी उम्र 57 साल थी.
- इसके बाद कुशाभाऊ ठाकरे 75 साल की उम्र में अध्यक्ष बने. जिनका कार्यकाल 2 साल (1998 से 2000) तक रहा.
- बंगारू लक्ष्मण 61 साल की उम्र में अध्यक्ष बने, जिनका कार्यकाल 1 साल (2000 से 2001) तक रहा.
2 बार अध्यक्ष बने राजनाथ सिंह
- जना कृष्णमूर्ति 72 साल की उम्र में केवल 1 साल के लिए अध्यक्ष बने. उनका कार्यकाल 2001 से 2002 तक रहा.
- इसके बाद 53 साल की उम्र में एम. वेंकैया नायडू ने 2002 से 2004 तक अध्यक्ष पद की जिम्मेदारी संभाली.
- राजनाथ सिंह दो बार अध्यक्ष बने. पहली बार 54 साल की उम्र में 2005 से 2009 तक और दूसरी बार 61 साल की उम्र में 2013 से लेकर 2014 तक.
ये भी पढ़ेंः नितिन नबीन बने भाजपा के सबसे युवा राष्ट्रीय अध्यक्ष, आज होगी ताजपोशी, पदभार ग्रहण करने से पहले पहुंचे झंडेवालान मंदिर
आज से नितिन नबीन संभालेंगे जिम्मेदारी
- 2009 से 2013 तक नितिन गडकरी 52 साल की उम्र में अध्यक्ष बने. इसके बाद अमित शाह 2014 से लेकर 2020 तक अध्यक्ष रहे. इस दौरान पहली बार भारतीय जनता पार्टी की पूर्ण बहुमत के साथ देश में सरकार बनी थी.
- 2020 से अब तक जेपी नड्डा अध्यक्ष पद की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं. नड्डा 59 साल की उम्र में अध्यक्ष बने थे. आज से नए अध्यक्ष के रूप में नितिन नबीन जिम्मेदारी संभालेंगे. नितिन नबीन केवल 45 साल की उम्र में अध्यक्ष बने है, जो आज तक के सबसे कम उम्र के अध्यक्ष हैं.
कब तक रहेगा कार्यकाल?
भाजपा ने युवा चेहरे के ऊपर पार्टी की बागडोर सौंपने का फैसला लिया है. इससे स्पष्ट होता है कि पार्टी की नजर युवाओं पर है. पार्टी 2029 के लोकसभा चुनाव को देखते हुए कार्य कर रही है. नितिन नबीन के पास संगठन और सरकार दोनों का अच्छा अनुभव है, शायद इसीलिए नितिन नबीन के नाम पर पार्टी ने सहमति बनाई. इनका कार्यकाल 3 सालों के लिए रहेगा. नितिन नबीन राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने वाले बिहार के पहले नेता हैं.