1 अगस्त से सस्ता हुआ कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर, कारोबारियों को बड़ी राहत
कमर्शियल गैस सिलेंडर हुआ सस्ता
August 1 rule changes: अगस्त महीने की शुरुआत एलपीजी उपभोक्ताओं के एक बड़े वर्ग के लिए राहतभरी खबर लेकर आई है. तेल विपणन कंपनियों ने 19 किलोग्राम वाले कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर की कीमतों में 200 रुपये से अधिक की कटौती की है. घटी हुई कीमतें 1 अगस्त से पूरे देश में लागू हो गई हैं. इस फैसले से होटल, रेस्तरां, ढाबा, कैटरिंग और अन्य व्यावसायिक प्रतिष्ठानों का गैस खर्च कम होगा.
नई कीमतों के अनुसार राजधानी दिल्ली में 19 किलो वाला कमर्शियल सिलेंडर 202 रुपये सस्ता होकर 2,728 रुपये का हो गया है. वहीं कोलकाता में इसकी कीमत 209 रुपये घटने के बाद 2,872.50 रुपये रह गई है.
यह लगातार दूसरा महीना है जब कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर के दाम कम किए गए हैं. जुलाई में भी तेल कंपनियों ने इसकी कीमतों में 180 रुपये से अधिक की कटौती की थी. लगातार दो महीनों में हुई कमी के कारण कारोबारियों के खर्च में अच्छी-खासी राहत मिलने की उम्मीद है.
घरेलू उपभोक्ताओं को नहीं मिली राहत
हालांकि घरेलू उपभोक्ताओं के लिए इस बार कोई राहत नहीं मिली है. 14.2 किलोग्राम वाले घरेलू एलपीजी सिलेंडर की कीमतों में कोई बदलाव नहीं किया गया है. यानी रसोई गैस के दाम पहले जैसे ही बने हुए हैं. दिल्ली में घरेलू सिलेंडर 942 रुपये, कोलकाता में 968 रुपये, मुंबई में 941.50 रुपये और चेन्नई में 957.50 रुपये की मौजूदा दर पर ही उपलब्ध रहेगा.
हर महीने तय की जाती हैं कीमतें
हर महीने की पहली तारीख को तेल कंपनियां अंतरराष्ट्रीय बाजार, कच्चे तेल की कीमतों और अन्य आर्थिक परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए एलपीजी की नई दरें तय करती हैं. इस बार व्यावसायिक उपभोक्ताओं को राहत मिली है, जबकि घरेलू ग्राहकों को अभी अगली समीक्षा का इंतजार करना होगा.
माना जा रहा है कि कमर्शियल सिलेंडर सस्ता होने से होटल और खाद्य कारोबार की लागत पर पॉजिटिव असर पड़ सकता है, जिसका कुछ लाभ ग्राहकों तक भी पहुंच सकता है.
ये भी पढ़ें:कश्मीर में पहलगाम जैसा हमला! नाम पूछकर मारी मजदूरों को गोली, आतंकियों की तलाश में जुटी सेना