बांकीपुर में BJP से टिकट की जंग तेज! तीन बड़े चेहरों पर मंथन, किसका होगा आखिरी फैसला
नितिन नवीन (फाइल फोटो)
Bankipur By Election 2026: बिहार की चर्चित बांकीपुर विधानसभा सीट पर होने वाले उपचुनाव ने राजनीतिक सरगर्मी बढ़ा दी है. भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के राज्यसभा जाने से यह सीट खाली हुई है और अब 30 जुलाई को यहां मतदान होना है. ऐसे में सबसे बड़ा सवाल यही है कि बीजेपी इस सीट से किसे चुनाव मैदान में उतारेगी. पार्टी के भीतर कई नामों पर चर्चा चल रही है, लेकिन फिलहाल तीन नेताओं को सबसे मजबूत दावेदार माना जा रहा है.
पहला नाम बीजेपी के राष्ट्रीय प्रवक्ता और पेशे से डॉक्टर रहे अजय आलोक का सामने आ रहा है. पार्टी के मुखर चेहरों में शामिल अजय आलोक लंबे समय से संगठन के लिए सक्रिय रहे हैं.
बांकीपुर में कायस्थ मतदाताओं की अच्छी संख्या को देखते हुए उनका नाम मजबूत दावेदारों में गिना जा रहा है. राजनीतिक जानकारों का मानना है कि अगर बीजेपी सामाजिक समीकरणों पर दांव खेलती है तो अजय आलोक की दावेदारी मजबूत हो सकती है.
कौन-कौन है बांकीपुर से दावेदार?
दूसरे दावेदार के रूप में अजीत कुमार लाली का नाम चर्चा में है. वे लंबे समय से बीजेपी संगठन से जुड़े हुए हैं और पटना में पार्टी के सक्रिय नेताओं में गिने जाते हैं. उन्हें नितिन नवीन का करीबी भी माना जाता है. संगठन में उनकी पकड़ और क्षेत्र में सक्रियता उन्हें मजबूत विकल्प बनाती है. यदि पार्टी स्थानीय कार्यकर्ताओं पर भरोसा जताती है तो अजीत कुमार लाली को मौका मिल सकता है.
तीसरे संभावित उम्मीदवार नील रतन घोष बताए जा रहे हैं. वे सालों से संगठन में सक्रिय हैं और नितिन नवीन के परिवार के भी करीबी माने जाते हैं. पार्टी के अंदर उनकी स्वीकार्यता और संगठनात्मक अनुभव उन्हें भी टिकट की दौड़ में बनाए हुए है.
30 को होगा मतदान और 3 को आएंगे नतीजे
हालांकि बीजेपी ने अभी तक किसी उम्मीदवार के नाम की आधिकारिक घोषणा नहीं की है. पार्टी सूत्रों के अनुसार अंतिम निर्णय शीर्ष नेतृत्व की सहमति से होगा और इसमें नितिन नवीन की राय भी अहम मानी जा रही है. उधर, विपक्ष भी इस सीट पर पूरी ताकत झोंकने की तैयारी में है, जिससे बांकीपुर का उपचुनाव इस बार बेहद दिलचस्प होने वाला है. मतदान 30 जुलाई को होगा, जबकि मतगणना 3 अगस्त को होगी.
ये भी पढ़ें:‘राम भक्तों की भावना को चोट पहुंची…’, चंदा चोरी के मामले में संघ का पहला बयान, धैर्य रखने की अपील