बिहार MLC चुनाव के लिए भाजपा ने जारी की लिस्‍ट, भोजपुरी सुपरस्‍टार पवन सिंह को बनाया उम्मीदवार

Bihar MLC Elections: बिहार एमएलसी चुनाव के लिए अपने उम्मीदवारों की सूची जारी कर दी है. भाजपा ने भोजपुरी सुपरस्‍टार पवन सिंह को एमएलसी कैंडिडेट बनाया है.
Pawan Singh

Pawan Singh

Bihar MLC Elections: भाजपा ने बिहार एमएलसी चुनाव के लिए अपने उम्मीदवारों की सूची जारी कर दी है. भाजपा ने भोजपुरी सुपरस्‍टार पवन सिंह को एमएलसी कैंडिडेट बनाया है. वहीं संजय मयूख पर एक बार फिर पार्टी ने भारोसा जताते हुए उन्‍हें विधान परिषद जाने का मौका दिया है. इसके साथ ही भाजपा ने प्रदेश उपाध्‍यक्ष अनिल कुमार ठाकुर और शीला पंडित को मौका देते हुए अपना उम्मीदवार बनाया है.

एमएलसी के लिए पार्टी के महासचिव एंव मुख्‍यालय प्रभारी अरुण सिंह ने शुक्रवार को उम्मीदवारों की लिस्‍ट जारी की है.

लोकसभा में निर्दलीय लड़ा था चुनाव

इस साल राज्यसभा के लिए भी भाजपा की तरफ से उन्‍हें उम्मीदवार बनाए जाने की चर्चा चल रही थी. लेकिन अब उन्‍हें भाजपा ने एमएलसी उम्मीदवार बनाया है. बता दें कि साल 2024 में पवन सिंह ने लोकसभा का चुनाव काराकाट से निर्दलीय लड़ा था और वे इस चुनाव में हार गए थे. पवन सिंह ने बिहार विधानसभा चुनाव के पहले ही भाजपा में वापसी कर ली थी.

संजय मयूख को फिर बनाया उम्मीदवार

पार्टी ने बिहार विधान परिषद चुनाव के लिए एक बार फिर अपने मौजूदा एमएलसी संजय मयूख को उम्मीदवार बनाया है. उनका वर्तमान कार्यकाल इसी महीने समाप्त होने वाला है. यदि वे चुनाव जीतते हैं तो अगले छह वर्षों तक पुनः विधान परिषद के सदस्य बने रहेंगे. हाल के दिनों में उनका नाम पटना की बांकीपुर विधानसभा सीट पर संभावित उपचुनाव उम्मीदवारों में भी चर्चा में था. यह सीट भाजपा नेता नितिन नवीन के इस्तीफे के बाद रिक्त हुई थी.

8 जून तक नामांकन की प्रक्रिया

निर्वाचन आयोग ने पिछले महीने बिहार विधान परिषद की नौ सीटों पर होने वाले द्विवार्षिक चुनाव का कार्यक्रम जारी किया था. इन सीटों पर मतदान 18 जून को होगा, जबकि नामांकन दाखिल करने की अंतिम तिथि 8 जून निर्धारित की गई है. विजयी उम्मीदवारों का कार्यकाल छह वर्ष का होगा. दूसरी ओर, जनता दल यूनाइटेड ने भी अपने चार प्रत्याशियों के नाम घोषित कर दिए हैं, जिनमें राज्य के स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार भी शामिल हैं.

ये भी पढे़ं- पूरी हुई पवन खेड़ा की तपस्या, राज्यसभा के रास्ते पहुंचेंगे संसद, पार्टी ने दिया इनाम

ज़रूर पढ़ें