प्राइवेट नंबर समझकर नहीं उठाया PM मोदी का फोन, 10 कॉल के बाद मिली राज्यपाल बनने की खबर
ब्रजमोहन राम और पीएम मोदी
Brajmohan Ram Odisha Governor Appointment: झारखंड के पलामू से पूर्व सांसद ब्रजमोहन राम को ओडिशा का राज्यपाल बनाया गया है. इस नई जिम्मेदारी की खबर मिलने से पहले उनके साथ एक दिलचस्प वाकया हुआ. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उन्हें कई बार फोन किया, लेकिन वह कॉल उठाने से बचते रहे. इसकी वजह कोई नाराजगी नहीं, बल्कि फोन पर नंबर दिखाई नहीं देना था. जब उन्हें पता चला कि दूसरी तरफ खुद प्रधानमंत्री हैं, तो वह हैरान रह गए.
ब्रजमोहन राम ने मीडिया से बातचीत में इस पूरे घटनाक्रम के बारे में बताया. उनके मुताबिक, मंगलवार सुबह उनके मोबाइल पर एक प्राइवेट नंबर से बार-बार फोन आ रहा था. करीब 10 बार कॉल आने के बावजूद उन्होंने फोन नहीं उठाया. उन्हें अंदाजा भी नहीं था कि इन कॉल के पीछे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी हैं. जल्द ही उनकी जिंदगी में बड़ी जिम्मेदारी आने वाली है.
पहले PM मोदी से बात, फिर अमित शाह का फोन
ब्रजमोहन राम ने बताया कि बाद में जब एक निजी नंबर से फोन आया, तो उन्हें जानकारी दी गई कि प्रधानमंत्री उनसे बात करना चाहते हैं. इसके बाद पीएम मोदी ने उनसे बातचीत की और ‘जोहार’ कहकर अभिवादन किया. प्रधानमंत्री ने संगठन से जुड़ी जानकारी लेने के बाद उन्हें सरकार की ओर से एक बड़ी जिम्मेदारी दिए जाने की बात बताई.
इसके बाद केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने भी उन्हें फोन किया और राज्यपाल बनाए जाने की जानकारी दी. हालांकि, उस समय तक इस खबर को सार्वजनिक नहीं करने के लिए कहा गया था.
झारखंड के नेताओं ने दी बधाई
ब्रजमोहन राम को ओडिशा का राज्यपाल बनाए जाने के बाद झारखंड भाजपा के नेताओं ने खुशी जताई. भाजपा प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू और केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ ने इसे झारखंड के लिए सम्मान की बात बताया. वहीं, नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने उम्मीद जताई कि ब्रजमोहन राम अपने अनुभव से ओडिशा में संवैधानिक जिम्मेदारियों को अच्छी तरह निभाएंगे.
इस पूरे घटनाक्रम का सबसे दिलचस्प हिस्सा यही रहा कि जिस फोन कॉल को ब्रजमोहन राम सामान्य प्राइवेट नंबर समझकर नजरअंदाज कर रहे थे, उसी के जरिए उन्हें देश के प्रधानमंत्री से बात करने और बड़ी जिम्मेदारी मिलने की खबर मिली.
ये भी पढ़ें:दिल्ली में NSUI कार्यकर्ताओं के साथ क्या हुआ? राहुल ने लगाए पुलिस पर मारपीट और टॉर्चर के आरोप