दिल्ली-NCR में कांवड़ियों की भीड़, इन रास्तों पर भारी जाम, घर से निकलने से पहले चेक करें ट्रैफिक एडवाइजरी
कांवड़ यात्रा के कारण कई मार्ग बिजी रहेंगे
Delhi Police Traffic Advisory: देशभर में बड़े धूमधाम से सावन का पवित्र त्योहार मनाया जा रहा है. भक्त बड़े श्रद्धा भाव से भगवान शिव की पूजा-अर्चना और आराधना में लीन हैं. वहीं हजारों-लाखों की संख्या में श्रद्धालु कांवड़ लेकर पवित्र स्थलों पर पहुंच रहे हैं. कुछ कांवड़िए गाड़ी-वाहन से धार्मिक स्थलों तक पहुंच रहे हैं, तो वहीं कुछ अपना संकल्प लेकर पैदल ही कांवड़ यात्रा करते हुए भगवान भोलेनाथ के दरबार में जा रहे हैं.
इसी बीच कांवड़ियों की भारी भीड़ को देखते हुए दिल्ली, नोएडा और फरीदाबाद पुलिस की तरफ से आम यात्रियों के लिए ट्रैफिक एडवाइजरी जारी की गई है. जारी एडवाइजरी के अनुसार, दिल्ली से नोएडा, नोएडा से गाजियाबाद, गाजियाबाद से दिल्ली और दिल्ली से फरीदाबाद जाने वाले रास्ते ज्यादा व्यस्त रहेंगे. इन रूट्स पर यात्रकरने वाले यात्रियों को प्रशासन ने वैकल्पिक मार्गों और मेट्रो सेवा का उपयोग करने की सलाह दी है.
ये रूट सबसे ज्यादा बिजी
ट्रैफिक पुलिस द्वारा जारी एडवाइजरी के अनुसार, आज 11 अगस्त को कांवड़ियों की भारी भीड़ के चलते कई रास्ते व्यस्त रहेंगे. कालिंदी कुंज और नोएडा-दिल्ली बॉर्डर मार्ग पर कांवड़ियों की आवाजाही के कारण ट्रैफिक जाम जैसी स्थिति बन सकती है और कई किलोमीटर तक लंबा जाम लगने की संभावना है. वहीं ट्रैफिक पुलिस ने बताया कि सरिता विहार, जसोला और नोएडा से सटे इलाकों में रहने वाले तथा वहां यात्रा करने वाले लोगों को आवागमन में देरी का सामना करना पड़ सकता है. इसके अलावा, डीएनडी फ्लाईवे पर भी भारी जाम की संभावना है, क्योंकि इस रास्ते से भी हजारों की संख्या में कांवड़िए गुजर रहे हैं.
इन रास्तों पर हो सकता है ज्यादा ट्रैफिक
ट्रैफिक पुलिस के अनुसार, आश्रम चौक, मथुरा रोड और बदरपुर मार्ग पर यातायात से जुड़े विशेष नियम लागू रहेंगे, जिस वजह से सेंट्रल दल्ली, साउथ दिल्ली और फरीदाबाद के बीच चलने वाले वाहनों की आवाजाही प्रभावित होगी. ट्रैफिक पुलिस ने बताया कि फरीदाबाद-दिल्ली रूट पर बदरपुर बॉर्डर और उससे सटे एंट्री पॉइंट्स पर कांवड़ियों के चलते रास्ते व्यस्त रहेंगे. इसके अलावा, नोएडा-ग्रेटर नोएडा और दिल्ली सीमा से जुड़े रास्तों तथा इलाकों में भी लंबे जाम की स्थिति बन सकती है.
आम यात्रियों से ट्रैफिक पुलिस की अपील
ट्रैफिक पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि कांवड़ियों की आवाजाही के कारण रास्तों पर भारी भीड़ देखने को मिल रही है. ऐसे में अगर आप स्कूल, ऑफिस या अपने किसी दूसरे काम के लिए घर से बाहर निकल रहे हैं, तो जारी एडवाइजरी का विशेष ध्यान रखें और अपने निजी वाहनों के बजाय मेट्रो सेवा का इस्तेमाल करें. इससे आप बिना किसी परेशानी के आसानी से अपने गंतव्य तक पहुंच सकेंगे.
ट्रैफिक विभाग ने साफ कहा है कि रास्तों में पड़ने वाले सभी शिव मंदिरों के पास का मार्ग डायवर्ट किया गया है, इसलिए आम यात्री थोड़ा एक्स्ट्रा सय लेकर निकलें ताकि जाम की स्थिति में आपको किसी भी तरह की परेशानी न हो और आप समय से अपने गंतव्य पर पहुंच सकें.