1,170 किमी का सफर मात्र 4.5 घंटे में होगा तय… दिल्ली से पटना तक हाईस्पीड ट्रेन की तैयारी
Delhi-Patna Highspeed Train: दिल्ली. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की महत्वाकांक्षी बुलेट ट्रेन परियोजना के मुंबई-अहमदाबाद कॉरिडोर का पहला चरण अगले वर्ष शुरू होने की उम्मीद है. इसी बीच रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने देश के अगले प्रस्तावित हाईस्पीड रेल कॉरिडोर को लेकर अहम जानकारी दी है. इस कॉरिडोर के जरिए दिल्ली से उत्तर प्रदेश और बिहार के प्रमुख शहरों की कनेक्टिविटी तेज होगी और दिल्ली-पटना का करीब 1,170 किलोमीटर का सफर लगभग साढ़े चार घंटे में पूरा किया जा सकेगा. फिलहाल इस दूरी को रेल से तय करने में करीब 12 घंटे लगते हैं.
रेल मंत्री ने नेपालगंज रोड-नानपारा-बहराइच सेक्शन पर नवनिर्मित विद्युतीकृत ब्रॉडगेज रेल लाइन के उद्घाटन के दौरान प्रस्तावित हाईस्पीड रेल नेटवर्क का उल्लेख किया. उनके अनुसार, मुंबई-अहमदाबाद कॉरिडोर के बाद दिल्ली को आगरा, कानपुर, लखनऊ, प्रयागराज, वाराणसी और पटना जैसे प्रमुख शहरों से जोड़ने वाले हाईस्पीड रेल नेटवर्क पर काम आगे बढ़ेगा.
कई शहरों के सफर का समय होगा बेहद कम
प्रस्तावित कॉरिडोर के तहत दिल्ली से आगरा की करीब 200 किलोमीटर दूरी लगभग 58 मिनट में तय की जा सकेगी. दिल्ली-कानपुर के करीब 455 किलोमीटर सफर में लगभग 1 घंटा 50 मिनट, जबकि दिल्ली-लखनऊ की करीब 495 किलोमीटर दूरी करीब 2 घंटे 12 मिनट में पूरी होने का अनुमान है.
इसी तरह दिल्ली से प्रयागराज की करीब 750 किलोमीटर दूरी लगभग 3 घंटे, दिल्ली-वाराणसी की करीब 945 किलोमीटर दूरी 3 घंटे 33 मिनट और दिल्ली-पटना की करीब 1,170 किलोमीटर दूरी लगभग साढ़े चार घंटे में तय की जा सकेगी.
320 किमी प्रति घंटे तक की होगी रफ्तार
प्रस्तावित हाईस्पीड रेल कॉरिडोर को 320 किलोमीटर प्रति घंटे तक की परिचालन गति के लिए डिजाइन किया जा रहा है. इसकी तुलना में वंदे भारत ट्रेनों की डिजाइन स्पीड करीब 180 किलोमीटर प्रति घंटा है.
ये खबर भी जरूर पढ़ेंः ऑपरेशन सिंदूर का सच तो नहीं छिपाया जा रहा? राम मंदिर में CEO की नियुक्ति पर राशिद अल्वी का सवाल