रामलीला मैदान में प्रदर्शन होगा आसान नहीं, 50 हजार की भीड़ समेत किन बातों का रखना होगा ध्यान
रामलीला मैदान
Ramlila Maidan Delhi Police SOP: दिल्ली में धरना-प्रदर्शन और राजनीतिक रैलियां आयोजित करने वालों के लिए आने वाले दिनों में नियम सख्त हो सकते हैं. दिल्ली पुलिस ने राजधानी के रामलीला मैदान में होने वाले प्रदर्शनों और सार्वजनिक कार्यक्रमों को लेकर नई गाइडलाइन तैयार की है. इसके तहत मैदान में एक समय पर अधिकतम 50 हजार लोगों के जुटने की सीमा प्रस्तावित की गई है. साथ ही कार्यक्रमों के लिए सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक का समय तय करने की तैयारी है.
दिल्ली पुलिस की ओर से तैयार किए गए स्टैंडर्ड ऑपरेटिंग प्रोसीजर (SOP) के मसौदे में कई अहम शर्तें रखी गई हैं. इसमें रामलीला मैदान से किसी भी तरह का मार्च या जुलूस निकालने पर रोक लगाने का प्रस्ताव भी शामिल है.
यानी इस जगह का इस्तेमाल केवल धरना, प्रदर्शन और रैली के लिए एक निश्चित स्थान के रूप में किया जा सकेगा. कार्यक्रम खत्म होने के बाद आयोजकों को लोगों की शांतिपूर्ण तरीके से वापसी सुनिश्चित करनी होगी.
10 दिन पहले करना होगा आवेदन
प्रस्तावित नियमों के मुताबिक, किसी भी कार्यक्रम के आयोजन के लिए आयोजकों को कम से कम 10 दिन पहले आवेदन करना होगा. इसके लिए सबसे पहले दिल्ली नगर निगम (MCD) से वेन्यू अवेलेबिलिटी सर्टिफिकेट लेना जरूरी होगा. इसके बाद दिल्ली पुलिस से अलग से अनुमति लेनी पड़ेगी. केवल MCD का प्रमाणपत्र मिलने से कार्यक्रम आयोजित करने की मंजूरी नहीं मानी जाएगी.
हथियार और ड्रोन पर भी सख्ती
नए नियमों के तहत प्रदर्शन में शामिल लोग लाठी, तलवार, भाले, बंदूक और धारदार वस्तुएं नहीं ले जा सकेंगे. मैदान या उसके आसपास ड्रोन उड़ाने के लिए भी पहले अनुमति लेनी होगी. आयोजकों को पीने का पानी, मेडिकल सुविधा, शौचालय, साफ-सफाई और कचरे के निस्तारण की व्यवस्था भी करनी होगी.
जंतर-मंतर के बाद बदली व्यवस्था
दरअसल, दिल्ली पुलिस ने अक्टूबर में जंतर-मंतर को प्रदर्शन स्थल की सूची से हटा दिया था. इसके स्थान पर रामलीला मैदान, बुराड़ी मैदान और पूर्वी दिल्ली के CBD मैदान को नए प्रदर्शन स्थलों के रूप में निर्धारित किया गया. रामलीला मैदान के लिए तैयार मसौदा फिलहाल मंजूरी के लिए पुलिस मुख्यालय भेजा गया है. अधिकारियों की मंजूरी मिलने के बाद ही इसे लागू किया जाएगा.
ये भी पढ़ें:UP चुनाव को लेकर मथुरा में होगा महामंथन, कार्यकर्ताओं से लिया जाएगा फीडबैक, 2 दिन चलेगी बैठक



