सुनेत्रा पवार की NCP अध्यक्ष पद पर बढ़ी मुश्किलें, चुनाव आयोग ने मांगे संगठन से जुड़े रिकॉर्ड

NCP Sunetra Pawar: NCP में सुनेत्रा पवार के अध्यक्ष पद को लेकर विवाद बढ़ गया है. चुनाव आयोग ने पार्टी से चुनाव प्रक्रिया और संगठन से जुड़े दस्तावेज मांगे हैं.
सुनेत्रा पवार

सुनेत्रा पवार

NCP Sunetra Pawar: राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (NCP) में नेतृत्व को लेकर उठा विवाद खत्‍म होने का नाम नहीं ले रहा है. इन सब के बीच चुनाव आयोग ने भी सुनेत्रा की मुसीबत बढ़ा दी है. सुनेत्रा पवार से पार्टी संगठन और अधिवेशन से जुड़े दस्तावेज मांगे गए हैं. आयोग का यह कदम ऐसे समय आया है, जब सुनेत्रा पवार के राष्ट्रीय अध्यक्ष पद पर चयन को लेकर पार्टी के अंदर सवाल उठाए जा रहे हैं.

मामला तब सामने आया जब NCP के एक वरिष्ठ पदाधिकारी ने सुनेत्रा पवार के अध्यक्ष चुने जाने की प्रक्रिया पर आपत्ति जताई थी. उन्होंने चुनाव प्रक्रिया को चुनौती दी. इसके साथ ही आरोप लगाया कि पार्टी के संविधान और तय नियमों के अनुसार प्रक्रिया पूरी नहीं की गई. साथ ही दोबारा चुनाव कराने की मांग भी उठाई गई.

अज‍ित पवार के न‍िधन के बाद शुरू हुआ व‍िवाद

विवाद की शुरुआत अजित पवार के निधन के बाद पार्टी में नेतृत्व बदलाव से जुड़ी घटनाओं से हुई. इसके बाद सुनेत्रा पवार को NCP का राष्ट्रीय अध्यक्ष चुना गया था हालांकि, कुछ नेताओं ने इस चयन की वैधता पर सवाल खड़े कर दिए. चुनाव आयोग के सामने पार्टी से संबंधित रिकॉर्ड और प्रक्रिया की जानकारी का मुद्दा उठाया.

व‍िरोध करने वाले नेताओं ने उठाए कई सवाल

विरोध करने वाले नेताओं का कहना है कि अध्यक्ष पद के चुनाव में पार्टी संविधान के प्रावधानों और संगठनात्मक प्रक्रिया का पालन जरूरी था. वहीं NCP के अन्य नेताओं ने इन आरोपों को खारिज कर द‍िया. उन्‍होंने कहा कि सुनेत्रा पवार का चुनाव पार्टी प्रतिनिधियों की सहमति से हुआ था और इसमें कोई अनियमितता नहीं है.

सुनेत्रा पवार के साथ सीन‍ियर नेता

पार्टी के सीन‍ियर नेता प्रफुल्ल पटेल और महाराष्ट्र इकाई के नेताओं ने भी सुनेत्रा पवार के नेतृत्व पर भरोसा जताया है. उनका कहना है कि पार्टी में कोई बड़ा मतभेद नहीं है. संगठन उनके नेतृत्व में आगे बढ़ रहा है.

अब चुनाव आयोग द्वारा मांगे गए दस्तावेजों के बाद यह देखना अहम होगा कि आयोग इस मामले में क्या निष्कर्ष निकालता है. फिलहाल NCP के अंदर नेतृत्व को लेकर चल रही हलचल ने महाराष्ट्र की राजनीति में नई चर्चा को जन्म दे दिया है.

ये भी पढ़ें:एक्ट्रेस तृषा पर ‘डबल मीनिंग’ बयान मामले में उदयनिधि स्टालिन गिरफ्तार, समर्थकों की पुलिस से झड़प

ज़रूर पढ़ें