Tamil Nadu: तमिलनाडु के विरुधुनगर में बड़ा हादसा, पटाखा फैक्ट्री में विस्फोट से 9 श्रमिकों की मौत, कई घायल

Explosion At Tamil Nadu Firecracker Factory: हादसे की प्रारंभिक जांच में पता चला कि फैक्ट्री में केमिकल मिक्सिंग के दौरान धमाका हुआ.
Tamil Nadu

तमिलनाडु के विरुधुनगर की पटाखा फैक्ट्री में विस्फोट

Explosion At Tamil Nadu Firecracker Factory: शनिवार, 17 फरवरी को तमिलनाडु के विरुधुनगर जिले में बड़ा हादसा हो गया. विरुधुनगर जिले के वेम्बाकोट्टई में एक पटाखा फैक्ट्री में विस्फोट हो गया. हादसे में फैक्ट्री में काम करने वाले 9 श्रमिकों की मौत हो गई और वहीं 6 अन्य मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गए हैं. मिली जानकारी के मुताबिक हादसे में मारे गए 9 लोगों में 5 महिलाएं थी. यह पटाखा फैक्ट्री वेम्बाकोट्टई के मुथुसामीपुरम इलाके में स्थित है. फैक्ट्री के मालिक का नाम विजय बताया जा रहा है.

केमिकल मिक्सिंग के दौरान हुआ धमाका

शनिवार, 17 फरवरी को तमिलनाडु के विरुधुनगर जिले के वेम्बाकोट्टई में पटाखा फैक्ट्री में विस्फोट होने के बाद सात लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो लोगों को अस्पताल ले जाते समय उनकी मौत हो गई. वहीं गंभीर रूप से घायल 6 लोगों को शिवकाशी सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया. हादसे की सूचना मिलने पर पुलिस और फायर ब्रिगेड की कई टीमें मौके पर पहुंची. इसके बाद रेस्क्यू अभियान शुरू किया. वहीं हादसे की प्रारंभिक जांच में पता चला कि फैक्ट्री में केमिकल मिक्सिंग के दौरान धमाका हुआ.

चार इमारतों को भी पहुंचा नुकसान

विस्फोट इतना भयंकर था कि जिस मकान में पटाखा बनाया जा रहा था, वह पूरा मकान जमींदोज हो गया. वहीं फैक्ट्री में विस्फोट के बाद वहां स्थित चार इमारतों को भी बड़ा नुकसान पहुंचा है. पुलिस के अनुसार मलबे में कुछ और लोगों के दबकर मरने की संभावना हो सकती है. बताते चलें कि तमिलनाडु में पटाखे बनाने का उद्योग बहुत बड़ा है. इस कारण प्रदेश के कई इलाकों में अवैध फैक्ट्रियां भी संचालित होती हैं.

यह भी पढ़ें: भतीजे अजित को ‘करारा जवाब’ देने की तैयारी में शरद पवार, 83 साल की उम्र में करेंगे पूरे महाराष्ट्र का दौरा, युवाओं पर होगी नज़र

राज्य में अवैध रूप से संचालित हैं कई फैक्ट्रियां

जनकारी के लिए बता दें कि पिछले साल अक्टूबर के महीने में भी विरुधुनगर जिले के ही दो पटाखा फैक्ट्रियों में विस्फोट की घटना हुई थी. इस दौरान रंगापलयम और किचन्याकानपट्टी में दो अलग-अलग पटाखा फैक्ट्रियों में हुए विस्फोट में 11 लोगों की मौत हो गई थी, जबकि 15 से अधिक लोग गंभीर रूप से घायल हो गए थे. वहीं पिछले साल जुलाई के महीने में भी तमिलनाडु के कृष्णागिरी जिले के पझायापेट्टई में एक पटाखा फैक्ट्री में धमाका हुआ था. कृष्णागिरी के एसपी ने इस विस्फोट में आठ लोगों के मरने की जानकारी दी थी. इसके साथ ही शिवकाशी में मई, 2023 में पटाखा फैक्ट्री में हुए धमाके में दो लोगों की मौत हो गई थी.

📺 Vistaar News Live TV

ज़रूर पढ़ें