अमरावती के सरकारी अस्पताल में वेंटिलेटर फटने से लगी आग, NICU में 3 नवजातों की मौत, वार्ड में भर्ती थे 39 बच्चे

Amravati News: महाराष्ट्र के एक अस्पताल में आग लगने से 3 नवजातों की मौत हो गई है. जबकि, 6 घायल बच्चों का इलाज जारी है. हादसे के वक्त वार्ड में 39 बच्चे भर्ती थे.
Amravati NICU Fire

अमरावती के सरकारी अस्पताल में वेंटिलेटर फटने से लगी आग

Amravati Fire: महाराष्ट्र के अमरावती जिले में एक स्त्री अस्पताल में सोमवार की सुबह भीषण आग लग गई, जिसमें 3 नवजात बच्चों की दर्दनाक मौत हो गई. जब यह हादसा हुआ. उस दौरान अस्पताल के वार्ड में लगभग 39 नवजात भर्ती थे. अस्पताल में मौजूद कर्मचारियों ने नवजातों को बचाने का हरसंभव प्रयास किया, लेकिन वे नहीं बचा सके. फिलहाल, इस दर्दनाक घटना के बाद अस्पताल प्रशासन ने जांच के आदेश दिए हैं.

जानकारी के अनुसार, यह हादसा सुबह करीब साढ़े 3 बजे के आसपास हुआ. जहां अस्पताल की तीसरी मंजिल पर वेंटिलेटर में धमाके के बाद आग लग गई. आग लगने के दौरान NICU में 39 नवजातों का इलाज चल रहा था. इस दौरान पूरे वार्ड में धुआं फैल गया. आगजनी की घटना को देखते हुए ड्यूटी पर मौजूद डॉक्टरों, नर्सों और अस्पताल कर्मचारियों ने तुरंत रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया और कई बच्चों को सुरक्षित बाहर निकाला.

6 बच्चों का इलाज जारी

इस दौरान 3 नवजात बुरी तरह से झुलस गए, जिनकी इलाज के दौरान मौत हो गई. वहीं, हादसे में घायल 6 बच्चों का इलाज सुपर स्पेशियलिटी में जारी है. मौके पर मौजूद लोगों ने बताया कि घटना के बाद अस्पताल परिसर में अफरा-तफरी का माहौल निर्मित हो गया. हादसे के बाद की वार्ड के अंदर की जो तस्वीर सामने आई है. उसमें साफ दिखाई दे रहा है कि आग कितनी भयानक लगी थी.

ये भी पढ़ेंः दिल्ली में भीषण सड़क हादसा, दो कारों की जोरदार टक्कर में AAP और BJP विधायक समेत 6 घायल

सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल

फिलहाल, आग लगने की वजह को लेकर अभी अस्पताल प्रशासन की ओर से कोई आधिकारिक जानकारी नहीं दी गई है. हालांकि, हादसे को लेकर अस्पताल प्रशासन ने जांच शुरू कर दी है. लेकिन इस घटना ने नवजातों की सुरक्षा व्यवस्था और अग्निशमन व्यवस्था को लेकर भी सवाल खड़े कर दिए. जांच के बाद ही स्पष्ट हो पाएगा कि वार्ड में आग किन वजहों से लगी.

ज़रूर पढ़ें