मशहूर फोटोग्राफर रघु राय का 83 साल की उम्र में निधन, भोपाल त्रासदी की भयावह तस्वीर को कैमरे में किया था कैद
रघु राय का निधन
Raghu Rai Passes Away: मशहूर फोटोग्राफर रघु राय का निधन हो गया है. वह अब हमारे बीच नहीं हैं. उन्होंने 83 साल की उम्र में आखिरी सांस ली है. उनके निधन से मीडिया समेत फोटोग्राफी जगत में भी शोक की लहर है. रघु राय लंबे समय से कैंसर समेत उम्र संबंधी स्वास्थ्य समस्याओं से जूझ रहे थे.
रघु राय उन चुनिंदा फोटोग्राफरों में रहे, जिन्होंने तस्वीरों को सिर्फ फ्रेम तक सीमित नहीं रखा, बल्कि उन्हें इतिहास का जीवंत दस्तावेज बना दिया. उनकी कैमरा नजर ने भारत के सामाजिक, राजनीतिक और मानवीय चेहरों को दुनिया के सामने नई गहराई के साथ रखा.
भोपाल गैस त्रासदी की दर्दनाक तस्वीरें हों, मदर टेरेसा की संवेदनशील छवियां या तत्कालीन प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी के दुर्लभ पल, रघु राय ने हर तस्वीर में कहानी कहने की कला दिखाई. जो भी उतनी ही जीवंत बनी हुई हैं.
द स्टेट्समैन से शुरू किया था अपना सफर
18 दिसंबर 1942 को जन्मे रघु राय ने विभाजन के बाद भारत में अपनी नई पहचान बनाई. उन्होंने 1960 के दशक में फोटोग्राफी की दुनिया में कदम रखा और जल्द ही अपनी अलग शैली के कारण चर्चा में आ गए. दिल्ली के प्रमुख समाचार पत्र द स्टेट्समैन से करियर की शुरुआत करने के बाद उन्होंने स्वतंत्र फोटोग्राफर के रूप में भी लंबा और सफल सफर तय किया.
कई सम्मानों से नवाजे गए थे रघु राय
उनकी प्रतिभा को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी बड़ी पहचान मिली. मशहूर फ्रांसीसी फोटोग्राफर हेनरी कार्टियर-ब्रेसों ने उनकी कला को सराहा और विश्व प्रसिद्ध मैग्नम फोटोज से जुड़ने का रास्ता खुला. वे इंडिया टुडे में डायरेक्टर ऑफ फोटोग्राफी भी रहे और विश्व प्रेस फोटो की जूरी का हिस्सा बने.
रघु राय को जीवन भर कई सम्मान मिले. उन्हें पद्मश्री, लाइफटाइम अचीवमेंट अवॉर्ड समेत कई राष्ट्रीय और वैश्विक पुरस्कारों से नवाजा गया. उनकी तस्वीरों ने आने वाली पीढ़ियों को यह सिखाया कि कैमरा सिर्फ तस्वीर नहीं, समय की सच्चाई भी कैद करता है.रघु राय के निधन के साथ भारतीय फोटोग्राफी का एक स्वर्णिम अध्याय समाप्त हुआ, लेकिन उनकी तस्वीरें हमेशा बोलती रहेंगी.
ये भी पढ़ें: BJP जॉइन करने के दावों के बीच हरभजन सिंह की Z+ सुरक्षा हटाई, भगवंत मान सरकार का फैसला